Muzaffarpur News: पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मंगलवार की देर रात मुजफ्फरपुर शहर के होटलों में एक साथ की गई छापेमारी से हड़कंप मच गया . वरीय पुलिस अधिकारियों के आदेश पर नगर, मिठनपुरा, काजीमोहम्मदपुर, सदर, अहियापुर और ब्रह्मपुरा समेत कई थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया . इस महाअभियान के दौरान काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के अघोरिया बाजार चौक स्थित एक होटल से शराब पार्टी करते हुए पटना की एक युवती समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है . पकड़े गए अधिकांश युवक मुजफ्फरपुर, पटना और पश्चिमी चंपारण के रहने वाले हैं .
कमरे का नजारा देख दंग रह गई पुलिस, युवती के साथ मिले चार लड़के
पुलिस जब अघोरिया बाजार चौक के उक्त होटल में दाखिल हुई, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी हैरान रह गए . होटल के एक कमरे में पटना की रहने वाली युवती चार लड़कों के साथ मौजूद थी और वहां शराब की खुली बोतलें मिलीं . उनकी गतिविधियां पूरी तरह संदिग्ध पायी गयीं . पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कमरे में मौजूद युवती और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया . इसके अलावा होटल के अन्य कमरों से भी पांच और संदिग्धों को दबोचा गया .
रजिस्टर में मिली भारी गड़बड़ी, होटल मैनेजर भी हिरासत में
जांच के दौरान पुलिस को होटल प्रबंधन में भारी लापरवाही देखने को मिली . होटल के गेस्ट रजिस्टर की जब जांच की गई, तो उसमें ठहरे हुए लोगों के नाम और पते सही तरीके से दर्ज नहीं थे और पहचान पत्र के नियमों की भी अनदेखी की गई थी . इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने होटल के मैनेजर को भी हिरासत में ले लिया है . काजीमोहम्मदपुर थानेदार चंद्रभूषण प्रसाद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी से थाने में सघन पूछताछ की जा रही है . सत्यापन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी .
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
