मुजफ्फरपुर के बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: बंदरा प्रखंड के हत्था थाना क्षेत्र की एक युवती और पियर थाना क्षेत्र के युवक के प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है. दोनों के घर से फरार होने के बाद युवती के परिजनों ने हत्था थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है.
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक के पिता और उसके कुछ दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है.
सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो वायरल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच युवती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवती खुद को बालिग बताते हुए कह रही है कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ गई है.
युवती ने वीडियो में यह भी कहा कि वह पड़ोसी गांव के युवक से प्रेम करती थी और दोनों आपसी सहमति से साथ निकले हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. युवती की बरामदगी और बयान के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है. वहीं दोनों परिवारों में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
