मुजफ्फरपुर जंक्शन यार्ड में टूटा OHE तार, 4 घंटे तक ठप रहा अप लाइन पर रेल परिचालन

मुजफ्फरपुर जंक्शन के स्टेशन यार्ड में मंगलवार शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया जब कटहीपुल के पास अचानक ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) का तार टूट गया. इस वजह से समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन करीब चार घंटे तक प्रभावित रहा, लेकिन रेलवे ने समय रहते मरम्मत कर और वैकल्पिक व्यवस्था कर यात्रियों को सुरक्षित निकाला.

Muzaffarpur Junction: मुजफ्फरपुर जंक्शन के स्टेशन यार्ड में मंगलवार की शाम बड़ा रेल हादसा टल गया. कटहीपुल के पास अचानक ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) का तार टूट जाने से रेलवे परिसर में अफरा-तफरी मच गई. तकनीकी खराबी के कारण समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन करीब 4 घंटे तक प्रभावित रहा. सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग की टीम, आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंच गई और मरम्मत कार्य शुरू कराया.

शाम 3:45 बजे टूटा तार

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 3:45 बजे कटहीपुल के समीप ओएचई का तार अचानक टूट गया. सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने तत्काल अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तकनीकी टीम को मरम्मत में लगाया.

युद्ध स्तर पर चला मरम्मत कार्य

रेलवे की तकनीकी टीम ने ओएचई लाइन की मरम्मत युद्ध स्तर पर शुरू की. बिजली आपूर्ति बहाल करने और ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित बनाने में करीब दो घंटे का समय लगा. लगातार प्रयास के बाद शाम 7:50 बजे मरम्मत कार्य पूरा हुआ, जिसके बाद अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया.

वैकल्पिक व्यवस्था से निकाली गई एक्सप्रेस ट्रेन

मुख्य लाइन प्रभावित होने के बावजूद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की. प्लेटफॉर्म संख्या-2 से शाम करीब 6 बजे 15725 न्यू जलपाईगुड़ी–आनंद विहार एक्सप्रेस को सुरक्षित तरीके से रवाना किया गया. अधिकारियों का कहना है कि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया.

कारणों की होगी जांच

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ओएचई तार टूटने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. तकनीकी खामी या किसी अन्य वजह की पड़ताल की जाएगी. पूरे मामले की संयुक्त जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

यह भी पढे़ं: पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में चौथे गवाह की गवाही, 5 अगस्त को अगली सुनवाई


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललितांशु

ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >