Muzaffarpur: ‘लड़की के सिर में बाल नहीं’ कहकर तोड़ी सगाई, दहेज मांगने का आरोप

मुजफ्फरपुर में सगाई के बाद दूल्हे पक्ष ने पहले कार की मांग रखी और फिर लड़की के सिर में बाल नहीं होने का आरोप लगाकर शादी से इनकार कर दिया. लाखों रुपये खर्च कर चुके लड़की पक्ष ने अब महिला थाने में केस दर्ज कराया है. आखिर क्या है पूरा मामला, पढ़ें विस्तार से…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में सगाई के बाद दहेज विवाद को लेकर शादी टूटने का मामला सामने आया है. आरोप है कि लड़का पक्ष ने पहले वैगनआर कार की मांग की और मांग पूरी नहीं होने पर शादी से इनकार कर दिया.

पीड़िता की मां ने इस मामले में महिला थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. एफआईआर में धोखाधड़ी, मारपीट और दहेज उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

होटल में हुई थी सगाई

जानकारी के अनुसार, मिठनसराय मुस्तफापुर निवासी युवती की शादी वैशाली जिले के चेहराकला निवासी से तय हुई थी.

22 फरवरी 2026 को तिलक मैदान रोड स्थित एक होटल में फलदान और सगाई का कार्यक्रम आयोजित हुआ था. आरोप है कि इस दौरान लड़की पक्ष ने करीब 4.37 लाख रुपये के सोने के आभूषण, कपड़े और 1.51 लाख रुपये नकद दिए थे.

इसके अलावा बारात खर्च के नाम पर 5.51 लाख रुपये भी अग्रिम दिए गए. पीड़िता के अनुसार, सगाई तक कुल 14.15 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे.

कार की मांग पूरी नहीं होने पर तोड़ी शादी

पीड़िता का आरोप है कि सगाई के बाद जब विवाह की तारीख तय करने की बात हुई, तब लड़का पक्ष ने दहेज में वैगनआर कार की मांग रख दी.

जब लड़की पक्ष ने आर्थिक असमर्थता जताई, तो अगले ही दिन फोन कर शादी से इनकार कर दिया गया.

‘सिर में बाल नहीं’ बताकर किया अपमान

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि लड़का पक्ष ने शादी तोड़ने के लिए यह तर्क दिया कि लड़की के सिर में बाल नहीं है.

परिजनों का कहना है कि सगाई से पहले लड़का और लड़की कई बार मिल चुके थे, ऐसे में यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है. घटना के बाद युवती गहरे सदमे में बताई जा रही है.

पुलिस जांच में जुटी

महिला थाना मुजफ्फरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है.

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >