मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर में एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है. मुसहरी थाना क्षेत्र के रहुआ इलाके में बुधवार को घात लगाकर बैठे बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. गोली युवक के मुंह में लगी है, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर बन गयी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. युवक की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई है.
दिनदहाड़े युवक को मारी गोली
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान प्रहलादपुर गांव निवासी प्रभात मिश्रा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि प्रभात किसी काम से रहुआ इलाके में गया था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बुलेट सवार अपराधियों ने उसे निशाना बनाया और मुंह में गोली मार दी. गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरातफरी मच गई.
रास्ते में युवक की मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से प्रभात मिश्रा (30) को आनन-फानन में पास के अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया. रास्ते में ही युवक की मौत हो गयी.
वारदात के बाद फरार हुए बदमाश
गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. पुलिस इलाके में छापेमारी कर रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है. घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मृतक जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ था. हाल ही में, उसकी लव मैरिज हुई थी.
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई फायरिंग की इस घटना से आसपास के लोगों में डर का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और पुलिस कार्रवाई का असर नजर नहीं आ रहा.
