मुजफ्फरपुर: आइस कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव, कांवरिया मार्ग के पास मची अफरा-तफरी

मुजफ्फरपुर के अघोरिया बाजार स्थित एक आइस कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया. काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में फैली इस खबर से लोगों में दहशत फैल गई. गनीमत रही कि समय रहते वाल्व बंद कर दिया गया और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपदा टल गई.

Ammonia Gas Leak Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर जिला के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के अघोरिया बाजार स्थित एक आइस कोल्ड स्टोरेज में रविवार को अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गैस फैलने की खबर मिलते ही आसपास के निवासियों और राहगीरों में भारी दहशत का माहौल बन गया. रिसाव तेजी से बढ़ने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया.हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही कोल्ड स्टोरेज के कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए मुख्य रिसाव वाले वाल्व को समय रहते बंद कर दिया था. इसके बाद अग्निशमन दल ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना की सूचना मिलते ही एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार और काजीमोहम्मदपुर थानेदार चंद्रभूषण प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की.

Muzaffarpur News: टल गई बड़ी आपदा, कांवरिया मार्ग के पास थी घटना

यह घटना बेहद संवेदनशील और खतरनाक हो सकती थी, क्योंकि जिस स्थान पर अमोनिया गैस का रिसाव हुआ, वह रामदयालु से बाबा गरीबनाथ मंदिर जाने वाले मुख्य कांवरिया मार्ग से मात्र 30 मीटर की दूरी पर स्थित है. पवित्र सावन माह के दौरान इस मार्ग से रोजाना हजारों की संख्या में कांवरिये बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करने के लिए गुजरते हैं. ऐसे में यदि गैस के रिसाव पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ी संख्या में कांवरिये इसकी जहरीली चपेट में आ सकते थे और एक गंभीर आपदा खड़ी हो सकती थी.

यह भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर: स्वर्ण कारोबारी को हथियार के बल पर बदमाशों ने घेरा, 7 लाख के आभूषण लूटे

अग्निशमन विभाग और कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए अग्निशमन विभाग के कर्मी विश्वजीत कुमार ने बताया कि अघोरिया बाजार स्थित आइस कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया रिसाव की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई और दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. स्टोरेज कर्मियों द्वारा वाल्व बंद किए जाने के बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर हवा में फैली गैस के प्रभाव को तेजी से कम किया.

अमोनिया गैस का रिसाव मानव स्वास्थ्य के लिए घातक

थोड़ी ही देर में गैस का असर समाप्त हो गया और स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है. हालांकि, जहरीली अमोनिया गैस के प्रभाव से स्टोरेज परिसर और आसपास लगे हरे-भरे पेड़-पौधे झुलस गए. विशेषज्ञों के अनुसार, अमोनिया गैस का रिसाव मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक होता है, जिसके संपर्क में आने से आंखों में तेज जलन, त्वचा का जलना और श्वसन तंत्र पर गंभीर असर पड़ सकता है. गनीमत रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया.

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर लाइक्स का जानलेवा डोपामाइन, जानिए उत्तर बिहार में रील से मौतों का पूरा भयानक सच



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >