झपहां कांड में 5वां आरोपी आनंद गिरफ्तार, तोड़ा मोबाइल, विधायक कनेक्शन उजागर

मुजफ्फरपुर बुलडोजर कांड में SIT को बड़ी सफलता, 5वां आरोपी आनंद कुमार गिरफ्तार। बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू की मुश्किलें बढ़ीं, गिरफ्तारी वारंट की तैयारी।

मुजफ्फरपुर भू-माफिया कांड: अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झपहां उदन में जेसीबी से 52 निर्माणाधीन मकान और बाउंड्री वॉल ढहाने के चर्चित मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) को अहम सफलता मिली है. पुलिस ने मामले के पांचवें नामजद आरोपी आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. वैशाली जिले के महुआ का निवासी आनंद पुलिस को देखते ही साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अपना मोबाइल व सिम तोड़ने लगा, जिसे पुलिस ने जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.

विधायक और दबंगों के सिंडिकेट का पर्दाफाश

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आनंद ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं:

  • आनंद ने स्वीकार किया कि वह बेलसंड विधायक के लिए काम करता है और ध्वस्तीकरण के वक्त मौके पर मौजूद था.
  • आरोपी की निशानदेही पर घटना में शामिल 19 अन्य प्रमुख दबंगों व भू-माफियाओं के नामों की पहचान हुई है.
  • तकनीकी जांच में पाया गया कि वारदात के समय मुख्य आरोपी गोलू उर्फ सौरव लगातार बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू के संपर्क में बना हुआ था.

बेलसंड विधायक पर गिरफ्तारी वारंट की तैयारी, 25 प्राथमिकी दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गुरुवार को अदालत में बेलसंड विधायक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट के लिए अर्जी दाखिल करने जा रही है. इस सनसनीखेज भू-माफिया कांड में अब तक कुल 25 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं:

  • 22 प्राथमिकियां पीड़ित गृहस्वामियों की लिखित शिकायतों के आधार पर दर्ज की गई हैं.
  • 3 एफआईआर पुलिस टीम पर हमला करने, फायरिंग और सरकारी कार्य में बाधा डालने को लेकर दर्ज हैं.

4 आरोपी लिए जाएंगे रिमांड पर, भू-माफिया भूमिगत

पुलिस पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों—नन्हें सिंह, छोटू यादव, सन्नी सिंह और सुमित कुमार को कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी. मौके पर दिखी थार व अन्य गाड़ियों के मालिकों का सत्यापन भी चल रहा है. एसआईटी और ईओयू के संयुक्त एक्शन के बाद इलाके के तमाम भू-माफिया भूमिगत हो गए हैं.

ये भी पढ़ें; मुजफ्फरपुर जेल में रक्षाबंधन पर विशेष व्यवस्था, बिना स्लॉट बुक किए भी पहुंचेगी राखी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >