Muzaffapur News: रेलवे में पदोन्नति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. अब विभिन्न विभागों में रेलकर्मियों को प्रमोशन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) देनी होगी. रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सभी जोन और मंडलों को तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है. अब तक कई विभागों में पदोन्नति के लिए पारंपरिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाती रही है, लेकिन रेलवे अब इसे चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली में बदलने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए सभी जोन और मंडलों में उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है.
रेलवे बोर्ड के उप निदेशक ने जोनल महाप्रबंधकों को जारी किया पत्र
रेलवे बोर्ड के उप निदेशक (स्थापना) अजय गोयल ने इस संबंध में सभी जोनल महाप्रबंधक (कार्मिक) को पत्र जारी किया है. पत्र के साथ उन विभागों और पदों की सूची भी भेजी गई है, जहां कंप्यूटर आधारित परीक्षा लागू करने की योजना है. जोनों से इस सूची की विस्तृत जांच कर बोर्ड को अंतिम रिपोर्ट भेजने को कहा गया है. इस नई व्यवस्था से लिखित परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं और लेती-लतीफी पर पूरी तरह रोक लगेगी.
इन पांच प्रमुख विभागों के 45 पदों पर सीबीटी की तैयारी
रेलवे बोर्ड फिलहाल पांच प्रमुख विभागों में प्रमोशन प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की तैयारी कर रहा है. इन विभागों में पदोन्नति के लिए सीबीटी लागू करने की रूपरेखा रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर दी गई है. विभागवार पदों का विवरण इस प्रकार है:
- मैकेनिकल विभाग: कुल 15 पदों पर ऑनलाइन परीक्षा.
- इलेक्ट्रिकल विभाग: कुल 14 पदों पर सीबीटी की तैयारी.
- सिविल इंजीनियरिंग विभाग: कुल 11 पदों पर प्रमोशन के लिए परीक्षा.
- कॉमर्शियल विभाग: कुल 04 पदों पर नई व्यवस्था होगी लागू.
- मेडिकल विभाग: कुल 01 पद के लिए सीबीटी के आधार पर मिलेगा प्रमोशन.
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) लागू होने से पदोन्नति प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध हो सकेगी, जिससे योग्य रेलकर्मियों को समय पर उनका हक मिल सकेगा
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
