Muzaffarpur crime news: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में गोबरसही डुमरी रोड स्थित किराये के मकान से 14 वर्षीय किशोरी लापता हो गई. किशोरी की मां ने पड़ोसी युवक पर बहला-फुसलाकर बेटी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की बरामदगी के लिए तफ्तीश शुरू कर दी है.
काम से लौटने पर घर में बेटी नहीं मिली
पीड़िता की मां मूल रूप से कुढ़नी थाना क्षेत्र के खरौनाडीह की निवासी हैं और वर्तमान में गोबरसही डुमरी रोड में किराये पर रहती हैं. वे जुड़न छपरा स्थित प्रशांत अस्पताल में काम करती हैं. थाने में दिए गए आवेदन में उन्होंने बताया कि वह काम से लौटकर रूम में आईं, तो बेटी घर पर नहीं मिली. काफी देर तक खोजबीन करने पर पता चला कि पड़ोसी युवक अरविंद कुमार ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया.
पड़ोसी युवक पर अपहरण का आरोप
अरविंद कुमार मूल रूप से मोतिहारी जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव का रहने वाला है. मां ने पुलिस को किशोरी का हुलिया बताया, जिसमें पीला सूट, नीली जींस और लाल दुपट्टा शामिल हैं. किशोरी का रंग सांवला और लंबाई लगभग 5 फीट है.
पुलिस तकनीकी और स्थानीय सर्विलांस से कर रही तलाश
सदर थाना के आदेशानुसार महिला सब-इंस्पेक्टर शिखा रानी इस मामले की अनुसंधान अधिकारी नियुक्त की गई हैं. पुलिस तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी कर किशोरी को सकुशल बरामद करने की कोशिश कर रही है.
