मुजफ्फरपुर: ओबीसी छात्राओं को बड़ी सौगात, साहेबगंज में जल्द शुरू होगा आवासीय विद्यालय निर्माण

Muzaffarpur News: साहेबगंज में ओबीसी छात्राओं के लिए 520 सीटों वाला आवासीय 10+2 विद्यालय बनेगा. भवन निर्माण विभाग ने जमीन सीमांकन की प्रक्रिया तेज कर दी है, जिससे छात्राओं को आधुनिक शिक्षा और आवासीय सुविधा का लाभ मिलेगा. पढे़ं पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से कुमार गौरव की रिपोर्ट 

Muzaffarpur News: साहेबगंज अंचल में पिछड़ा वर्ग की छात्राओं के लिए शिक्षा का नया रास्ता खुलने जा रहा है. यहां 520 सीटों वाले आधुनिक 10+2 कन्या आवासीय उच्च विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. भवन निर्माण विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द जमीन पर उतारने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कवायद शुरू कर दी है.

सीमांकन और नक्शा उपलब्ध कराने का अनुरोध

भवन प्रमंडल मुजफ्फरपुर के कार्यपालक अभियंता ई. रवि चंद ने अंचल अधिकारी को पत्र भेजकर प्रस्तावित जमीन का जल्द सीमांकन और नजरी नक्शा उपलब्ध कराने को कहा है. विभागीय अधिकारियों के मुताबिक निविदा प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है और अब निर्माण कार्य शुरू करने के लिए जमीन की पैमाइश का इंतजार है.

विभागीय निर्देश के बाद बढ़ी रफ्तार

यह पूरी प्रक्रिया भवन निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता द्वारा फरवरी 2026 में जारी निर्देशों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है. विभाग की कोशिश है कि बिना देरी के निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि छात्राओं को जल्द आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें.

छात्राओं को मिलेगा बड़ा लाभ

विद्यालय बनने के बाद साहेबगंज और आसपास के ग्रामीण इलाकों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. आवासीय सुविधा मिलने से दूरदराज की बेटियों को भी पढ़ाई में सहूलियत होगी. इससे क्षेत्र में महिला शिक्षा और साक्षरता दर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >