Muzaffarpur News: मीनापुर प्रखंड में जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने कड़ा रुख अपनाया है. बीडीओ ने कर्तव्य में शिथिलता के आरोप में तीन शिक्षकों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण (शॉ कॉज) मांगा है. इसके साथ ही इन शिक्षकों के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है.
कार्य की समीक्षा के बाद बीडीओ ने जारी किया ‘शॉ कॉज’ नोटिस
भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य दो मई से 31.05.2028 तक निर्धारित है. इस कार्य की प्रगति को लेकर शनिवार को आयोजित एक समीक्षात्मक बैठक में प्रस्तुत प्रतिवेदन के अवलोकन के बाद यह लापरवाही सामने आई. जांच में पाया गया कि संबंधित पर्यवेक्षी सर्किल के अंतर्गत आने वाले कुछ प्रगणकों का कार्य बिल्कुल भी संतोषजनक नहीं है.
कर्तव्यहीनता और आदेश की अवहेलना पर गिरेगी गाज
बीडीओ ने अपनी समीक्षा में स्पष्ट तौर पर कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित शिक्षकों द्वारा अपने पर्यवेक्षी सर्किल का लगातार अनुश्रवण और पर्यवेक्षण नहीं किया जा रहा है. परिणामस्वरूप, राष्ट्रीय महत्व का जनगणना कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. अधिकारियों के अनुसार, शिक्षकों का यह कृत्य स्वेच्छाचारिता, कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के साथ-साथ वरीय पदाधिकारियों के आदेश की खुली अवहेलना को दर्शाता है. समय पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष गुप्ता की रिपोर्ट
