मुजफ्फरपुर: आम्रपाली ज्वेलर्स लूटकांड में STF की बड़ी कार्रवाई, गलाया हुआ सोना और हथियार बरामद

मुजफ्फरपुर के आम्रपाली ज्वेलर्स से 70 लाख की लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो आभूषण कारोबारी भी शामिल हैं. इस कार्रवाई से अब तक नौ लोग पकड़े जा चुके हैं.

मुजफ्फरपुर लूटकांड: कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित आम्रपाली ज्वेलर्स में 12 जून को हुई करीब 70 लाख रुपये की ज्वेलरी लूट मामले में बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त कार्रवाई में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें दो आभूषण कारोबारी भी शामिल हैं, जिन पर लूट के गहने खरीदने और गलाने का आरोप है. इस कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

तीन अपराधी और दो सर्राफ गिरफ्तार

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पारू थाना क्षेत्र के छपरा खास निवासी मिथिलेश कुमार राय, दाउदपुर निवासी जितेंद्र कुमार और सरैया थाना क्षेत्र के रेवा पटोरी निवासी अजीत कुमार उर्फ भोला सिंह के रूप में हुई है. उनकी निशानदेही पर वैशाली जिले के गोरौल क्षेत्र के आभूषण कारोबारी प्रशांत कुमार और होलसेल ज्वेलरी कारोबारी मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया.

गलाया हुआ सोना, हथियार और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब पांच लाख रुपये मूल्य का गलाया हुआ सोना, एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक बाइक और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है. जांच में सामने आया कि लूट की ज्वेलरी बेचकर आरोपियों ने यह कार खरीदी थी और इसी से दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे.

पहले भी चार आरोपी जा चुके हैं जेल

एसपी ने बताया कि घटना के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर डीएसपी पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. जांच के दौरान पहले ही अशोक सहनी समेत चार आरोपियों को करीब 29.5 लाख रुपये की ज्वेलरी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी.

अलग-अलग जिलों में दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, मिथिलेश कुमार और अजीत कुमार उर्फ भोला सिंह इस लूटकांड के लाइनर थे, जबकि जितेंद्र कुमार ने वारदात के लिए हथियार उपलब्ध कराया था. गिरफ्तार मिथिलेश पर तीन जिलों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं. जितेंद्र के खिलाफ साहेबगंज थाना में लूट और डकैती के चार मामले हैं, जबकि अजीत पर मुजफ्फरपुर और वैशाली में धोखाधड़ी व शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं. पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी है.

यह भी पढ़ें: सावन 2026: सावन के हर सोमवार बंद रहेंगे शहर के सभी स्कूल, DM का बड़ा आदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Premanshu shekhar

I have 16 years of journalism experience, working as a Bureau Chief at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on crime,political, social, and current topics.I have experience covering assembly and parliamentary elections reporting.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >