Muzaffarpur Junction News: गाड़ी संख्या 15202 बगहा-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कंट्रोल रूम से आई एक सूचना के बाद जीआरपी और आरपीएफ की हलचल तेज हो गई. ट्रेन के मुजफ्फरपुर जंक्शन पर पहुंचते ही पुलिस टीम एक बोगी के शौचालय की तरफ दौड़ी और अंदर बंद प्रेमी-युगल को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले आई.
Bagaha Patliputra Express Incident: बगहा से एक ही ट्रेन में सवार हुए थे प्रेमी-युगल और परिजन
घटना की शुरुआत बगहा रेलवे स्टेशन से हुई, जहां से प्रेमी-युगल परिजनों की नजरों से बचकर पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में सवार हुआ था. हालांकि, दोनों का पीछा करते हुए लड़की-लड़के के परिजन भी उसी ट्रेन में चढ़ गए. जैसे ही प्रेमी जोड़ा ट्रेन में परिजनों की मौजूदगी से वाकिफ हुआ, दोनों के हाथ-पांव फूल गए.
GRP Railway: खुद को टॉयलेट में किया कैद, 139 पर मांगी मदद
परिजनों के डर से बचने के लिए दोनों ने आनन-फानन में खुद को ट्रेन के टॉयलेट में बंद कर लिया और अंदर से कुंडी लगा ली. इसके बाद युवक ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल किया. उसने कंट्रोल रूम को पूरी आपबीती सुनाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई. कॉल मिलते ही रेल प्रशासन अलर्ट हुआ और मुजफ्फरपुर जंक्शन पर तैनात जीआरपी को निर्देश दिए गए.
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर जीआरपी ने कराया रेस्क्यू
ट्रेन के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बोगी को घेर लिया. पुलिस ने शौचालय का दरवाजा खुलवाकर दोनों को सकुशल बाहर निकाला. अचानक हुई इस पुलिसिया कार्रवाई से ट्रेन के यात्रियों के बीच काफी देर तक कौतूहल और हलचल का माहौल बना रहा.
थाने में हुई काउंसलिंग, परिजनों को सौंपा गया
जीआरपी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया गया. पुलिस अधिकारियों ने थाने में घंटों समझाने-बुझाने और काउंसलिंग के बाद मामले को शांत कराया. इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रेमी-युगल को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
