Liquor Family Network: शराब तस्करी का फैमिली टूर नेटवर्क, हरियाणा के नवविवाहित जोड़ा समेत चार गिरफ्तार ,एक दंपत्ती की दो माह पहले ही हुई है शादी

Liquor Family Network: मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के 'फैमिली टूर नेटवर्क' का भंडाफोड़ करते हुए हरियाणा के दो दंपती को गिरफ्तार किया है . फर्जी नंबर वाली कार के गुप्त तहखाने से 1642 पीस विदेशी शराब बरामद हुई है.खबर नीचे पढ़ें....

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Liquor Family Network: उत्पाद विभाग ने एक अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए नवदंपती समेत चार धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपित हरियाणा से लग्जरी कार में शराब की बड़ी खेप लेकर मुज्फ्फरपुर पहुंचे थे. गिरफ्तार लोगों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जो आपस में पति-पत्नी हैं. इनमें एक दंपती की शादी कुछ माह पहले ही हुई थी.उत्पाद विभाग की टीम ने सरैया थाना क्षेत्र के रेवा रोड स्थित मुक्तिधाम के समीप घेराबंदी कर कार को पकड़ा. तलाशी के दौरान कार की सीटों के नीचे बने गुप्त खानों और डिक्की से 1642 पीस हरियाणा निर्मित विदेशी शराब बरामद की गई.

शराब तस्करी का फैमिली टूर नेटवर्क

Muzaffarpur News: गुप्त सूचना पर बिछाया जाल

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि हरियाणा से शराब की बड़ी खेप मुजफ्फरपुर के रास्ते लाई जा रही है. इसके बाद विशेष टीम गठित कर रेवा रोड में निगरानी शुरू की गई. टीम में एएसआइ नीरज कुमार सिंह, एएसआइ राजकुमार और एएसआइ रंजन कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.इसी दौरान छपरा की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया. कार रुकते ही उसमें सवार लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन जवानों ने चारों को पकड़ लिया.

रोहतक के रहने वाले हैं आरोपित

गिरफ्तार लोगों की पहचान हरियाणा के रोहतक जिले के सुनारी निवासी अजीत और उसकी पत्नी सोनू तथा तेज कॉलोनी निवासी दीपक और उसकी पत्नी राखी के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है.जांच में पता चला कि कार पर मुंगेर का फर्जी नंबर प्लेट लगाया गया था. प्रारंभिक जांच के अनुसार इसका उद्देश्य बिहार में प्रवेश के बाद पुलिस की नजर से बचना था. नंबर प्लेट का परिवहन विभाग के अभिलेखों से सत्यापन कराया जा रहा है.

चांदनी चौक पर होनी थी डिलीवरी

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्हें हरियाणा से शराब लोड कर दी गई थी और मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक पर कार छोड़ने का निर्देश मिला था. वहां स्थानीय तस्कर वाहन को अपने कब्जे में लेने वाले थे. इसके बदले उन्हें भुगतान किया जाना था. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले भी बिहार आ चुके हैं. पूछताछ के दौरान उन्होंने दरभंगा में शराब की खेप पहुंचाने की बात स्वीकार की है. उत्पाद विभाग इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >