कांटी विधायक अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री से मिलकर नहरों और चीनी मिल का मुद्दा उठाया

कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर क्षेत्र की जर्जर नहर व्यवस्था का मुद्दा उठाया. उन्होंने मड़वन में प्रस्तावित चीनी मिल खोलने की मांग भी की, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा.

Muzaffarpur News: पूर्व मंत्री एवं कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने सोमवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास 'लोक सेवक आवास' में मुलाकात कर कांटी क्षेत्र की बदहाल नहर व्यवस्था का मुद्दा उठाया. विधायक ने नहरों का जीर्णोद्धार कर किसानों के खेतों तक नियमित पानी पहुंचाने की मांग की. साथ ही मड़वन में प्रस्तावित चीनी मिल खोलने के निर्णय को जल्द लागू कराने का आग्रह किया.

कांटी की जर्जर नहरों का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठाया

विधायक अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री को वीरपुर एवं रामदयालु वितरणी समेत करीब एक दर्जन उप-वितरणियों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि नहरों की स्थिति खराब होने के कारण किसानों को सिंचाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विशेषकर गन्ना उत्पादक किसानों को खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं मिलने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. विधायक ने नहरों के जीर्णोद्धार के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.

अगले एक वर्ष में खेतों तक पानी पहुंचाने का भरोसा

विधायक ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के भरोसे पर कांटी क्षेत्र के मतदाताओं को आश्वस्त किया है कि अगले एक वर्ष में किसानों के खेतों तक नहर का पानी पहुंचाया जाएगा. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया.

विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया.

मड़वन में चीनी मिल खुलने से गन्ना किसानों को मिलेगा लाभ

विधायक ने मड़वन प्रखंड में नया चीनी मिल खोलने के सरकार के निर्णय को जल्द अमलीजामा पहनाने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गन्ना किसानों के हित में चीनी मिल की स्थापना बेहद जरूरी है.

मड़वन में चीनी मिल खुलने से किसानों को गन्ना बेचने के लिए दूर के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा. इससे गन्ना उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है.

50 से 100 एकड़ जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया

बताया गया कि करीब दो माह पहले गन्ना विभाग ने मड़वन में नया चीनी मिल खोलने के लिए 50 से 100 एकड़ जमीन चिह्नित करने को लेकर अंचल अधिकारी को पत्र भेजा था. अब विधायक ने इस निर्णय को जल्द धरातल पर उतारने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी है.

यह भी पढ़ें: 17 से 22 अगस्त तक लगेगा विशेष बिजली बिल सुधार शिविर, मौके पर होगा शिकायतों का समाधान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >