Muzaffarpur News: लंगट सिंह महाविद्यालय के हिंदी विभाग की ओर से बुधवार को स्नातकोत्तर सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों के लिए फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. छात्राओं की ओर से पेश किए गए मनमोहक लोकनृत्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ राधा कुमारी ने की. महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुईं. प्राचार्य और विभागाध्यक्ष ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
विद्यार्थियों को बेहतर समाज के निर्माण का संदेश
प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया और विभागाध्यक्ष डॉ राधा कुमारी ने विद्यार्थियों से कॉलेज में अर्जित ज्ञान को अपने जीवन में उतारने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि सीखे हुए ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देना भी है.
उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे की पढ़ाई और करियर में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया.
लोकनृत्य ने मोहा सभी का मन
फेयरवेल समारोह में विद्यार्थियों की ओर से कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. प्रिया भारती, शिवानी, मुस्कान और संजना ने मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. छात्राओं की प्रस्तुति पर कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा.
आयोजन की जिम्मेदारी हिंदी विभाग के विद्यार्थियों अनमोल कश्यप और सोनू सिंह ने संभाली.
भावुक हुए विद्यार्थी, साझा किए अनुभव
विदाई समारोह के दौरान माहौल भावनात्मक भी हो गया. विद्यार्थियों ने कॉलेज और विभाग में बिताए अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहपाठियों के साथ बिताए समय को याद किया.
विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार और भावपूर्ण अवसर बन गया. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अनुभव साझा करने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
यह भी पढ़ें
पं. सहदेव झा को भारत रत्न देने और जीवनी पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
