Giriraj Singh Fan Club: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले में चारों ओर देशभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है. इस खास मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से एलएस कॉलेज प्रांगण से शहीद खुदीराम बोस स्मारक तक एक भव्य और विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर गूंजते राष्ट्रभक्ति के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया.
Muzaffarpur News: कलमबाग चौक पर पुष्पवर्षा व बांटी गई मिठाइयां
तिरंगा यात्रा के जैसे ही शहर के प्रमुख कलमबाग चौक पर पहुंचने पर गिरिराज सिंह फैन क्लब के सदस्यों ने क्लब के संरक्षक दिवांशु किशोर के कुशल नेतृत्व में यात्रा का भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान क्लब के सदस्यों ने तिरंगा यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम नागरिकों पर उत्साहपूर्वक फूलों की बारिश की और मिठाइयां बांटकर सभी का अभिनंदन किया.
'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ने की अपील
इस अवसर पर गिरिराज सिंह फैन क्लब के संरक्षक दिवांशु किशोर ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा यह प्रेरणादायक एवं भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई है. इसी कड़ी में कलमबाग चौक पर क्लब के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत व सम्मान किया है.
क्लब के कई प्रमुख सदस्य रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम के दौरान गिरिराज सिंह फैन क्लब के कई प्रमुख सदस्य और स्थानीय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे. इनमें मुख्य रूप से मनीष चौधरी, राजीव कुमार, राकेश शर्मा, मुरारी कुमार, संजय कुमार और अभिषेक कुमार समेत क्लब के कई अन्य सदस्य उपस्थित थे.
