PNG Pipeline Blast: मुसहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रहा स्थित एक सरकारी स्कूल के पास शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. नाले की खुदाई के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई. पाइपलाइन फटते ही बम धमाके जैसी तेज आवाज हुई,जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. घटना के वक्त स्कूल में पढ़ाई चल रही थी. धमाका होते ही बच्चे और शिक्षक बदहवास होकर सुरक्षित स्थानों की तरफ भागे.
गैस के गुबार से 5 छात्राएं बेहोश
पाइपलाइन फटने के बाद हवा में गैस का भारी गुबार उठ गया और चारों तरफ धुंध जैसी स्थिति बन गई. गैस की तेज गंध और घबराहट की वजह से स्कूल की पांच छात्राएं मौके पर ही बेहोश हो गईं. स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए सभी पीड़ित छात्राओं को मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया. चिकित्सकों की देखरेख में सभी छात्राओं का इलाज जारी है.
प्रधानाध्यापक ने सुनाई आपबीती
विद्यालय के प्रधानाध्यापक स्वामी सुधीर ने बताया कि हादसा सुबह करीब 11:45 बजे हुआ. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि लगा जैसे स्कूल के पास ही कोई बम विस्फोट हुआ हो. उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला गया. डॉक्टरों के मुताबिक छात्राएं गैस की गंध और घबराहट के कारण बेहोश हुई थीं.
प्रशासन और कंपनी ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गैस कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे. पाइपलाइन को बंद कर मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर निगरानी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विरोध में किसानों का हल्लाबोल, दिया धरना
