Firing in Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने सीधे पुलिस टीम को ही निशाना बना लिया. यहां के बेला में दिनदहाड़े बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां बरसा दीं. इस हमले में तैनात एएसआई (ASI) विकास कुमार सिंह को गोली लगी है.
कैसे हुई घटना?
पुलिस को खबर मिली थी कि एटीएम से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का एक शातिर सदस्य बेला चौक से पीएनटी जाने वाली सड़क पर, साईं मंदिर के पास मौजूद है. सूचना पक्की थी, इसलिए एएसआई विकास सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए. जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध की घेराबंदी शुरू की, वहां पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुए इस हमले से पुलिस टीम को संभलने का मौका नहीं मिला और एक गोली विकास सिंह को जा लगी.
अस्पताल में चल रहा इलाज
गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. साथी पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए तुरंत घायल एएसआई को वहां से निकाला और शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों के मुताबिक, विकास सिंह की स्थिति अभी गंभीर है और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पुलिस की जवाबी कार्रवाई
वारदात की जानकारी मिलते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा खुद अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी का हाल जाना. उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों के इस दुस्साहस को बर्दाश्त नहीं करेगी. फिलहाल पूरे मुजफ्फरपुर शहर में नाकेबंदी कर दी गई है.
पुलिस की स्पेशल टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और अपराधियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों का सुराग मिल सके.
इसे भी पढ़ें: भागलपुर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी,प्रशासन अलर्ट, चप्पे-चप्पे की हो रही तलाशी
