मुजफ्फरपुर में नोएडा जैसी घटना, पुल से नहर में गिरी कार, बिजली विभाग के इंजीनियर समेत दो की मौत

Bihar Accident News: मुजफ्फरपुर में दर्दनाक सड़क हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं. तेज रफ्तार कार पुल से फिसलकर नहर में जा गिरी. जहां पूरी रात फंसे रहने के बाद एक इंजीनियर समेत दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई.

Bihar Accident News: मुजफ्फरपुर में दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया. तेज रफ्तार कार नहर में गिर गई. हादसे में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर सन्नी कुमार और स्टाफ अफजल कुमार की मौत हो गई. दोनों रातभर कार के अंदर फंसे रहे. सुबह होने पर इस दर्दनाक मंजर का खुलासा हुआ. एक ऐसी ही घटना कुछ दिन पहले नोएडा सेक्टर 150 में हुई थी. जिसमें एक इंजीनियर की जान चली गई थी.

यह हादसा देवरिया थाना क्षेत्र के एकमा चौक स्थित वैशाली नहर के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात सन्नी कुमार अपने साथी अफजल कुमार के साथ कार से कहीं जा रहे थे. रात करीब 1 से 2 बजे के बीच पुल पर कार की रफ्तार ज्यादा थी. अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया. कार रेलिंग से टकराई और सीधे नहर में जा गिरी.

कार के अंदर ही दम घुटने से दोनों की मौत

नहर में पानी काफी ज्यादा था. पानी के तेज दबाव के कारण दोनों कार का गेट नहीं खोल पाए. बाहर निकलने की हर कोशिश नाकाम रही. कार के अंदर ही दम घुटने से दोनों की मौत हो गई. अंधेरी रात और सुनसान इलाका होने की वजह से किसी को हादसे की भनक नहीं लगी. कार पूरी रात नहर में पड़ी रही.

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर नहर में गिरी कार पर पड़ी. इसके बाद हड़कंप मच गया. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया.

कार के अंदर बिखरा हुआ था सामान

कार से सन्नी कुमार का शव फ्रंट सीट से और अफजल कुमार का शव पीछे की सीट से बरामद हुआ. कार के अंदर सामान बिखरा हुआ था. पीछे की सीट के हैंडल टूटे मिले. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों ने आखिरी वक्त तक बाहर निकलने की कोशिश की थी.

मिली जानकारी के अनुसार, सन्नी कुमार की मार्च में शादी होने वाली थी. वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था. दोनों मृतक मिठनपुरा इलाके में रहकर ड्यूटी करते थे. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने क्या बताया?

देवरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा है. कार की स्पीड और हादसे के सही समय की जांच की जा रही है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए SKMCH भेज दिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

Also Read: पटना हॉस्टल कांड: ‘सब बिके हुए हैं, सबको गड्डी मिली है…’, DGP से मुलाकात के बाद भड़कीं NEET छात्रा की मां

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >