'टप्पेबाजों' का आतंक, एसपी का खौफ दिखाकर बुजुर्ग दंपती के सोने के जेवरात उड़ाए

मुजफ्फरपुर में 'टप्पेबाजों' का आतंक थम नहीं रहा है. एक बुजुर्ग दंपती को एसपी का खौफ दिखाकर ठगा गया. शातिर बदमाशों ने सोने के कीमती जेवरात उतरवा लिए और बदले में पत्थर की पुड़िया थमा दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

 Jewelry Fraud Muzaffarpur: शहर में राहगीरों को अपनी बातों के जाल में फंसाकर ठगने वाले शातिर 'टप्पेबाजों' का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस बार इन बदमाशों ने सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपती को अपना निशाना बनाया है. शातिर ठगों ने झांसा देकर दंपती के शरीर से सोने के कीमती जेवरात उतरवा लिए और असली गहनों की जगह उन्हें कागज की पुड़िया में पत्थर बांधकर थमा दिए. इस संबंध में पीड़ित जवाहर लाल रोड निवासी श्याम सुंदर रीवड़ेवाल ने सिकंदरपुर थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

'एसपी साहब ने ड्यूटी पर लगाया है' कहकर रोका

पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से जवाहर लाल रोड से अखाड़ाघाट स्थित एक अपार्टमेंट की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान महावीर ग्रीन सोसाइटी के पास पीछे से आ रहे दो अज्ञात बाइक सवारों ने उन्हें जबरन रोक लिया. गाड़ी रुकते ही बदमाशों ने पुलिसिया अंदाज में रौब झाड़ते हुए कहा, 'हम कब से आवाज दे रहे हैं, रुक क्यों नहीं रहे? हमें एसपी साहब ने स्पेशल ड्यूटी पर लगाया है, आगे रास्ते में बड़ी घटना हो गई है.'

असली गहने गायब कर जेब में डाल दी पत्थर की पुड़िया

बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को डराते हुए कहा कि आगे माहौल खराब है, इसलिए सोने के गहने पहनकर आगे जाना सुरक्षित नहीं है. बदमाशों ने झांसा देकर पीड़ित बुजुर्ग से सोने की दो अंगूठियां और एक सोने की चेन उतरवा ली. इसके बाद शातिरों ने जेवरातों को कागज में लपेटने का नाटक किया और पुड़िया पीड़ित की जेब में रख दी. जब दंपती अपार्टमेंट पहुंचे और जेब से पुड़िया निकालकर खोली, तो उनके होश उड़ गए. पुड़िया में गहनों की जगह सिर्फ पत्थर के टुकड़े थे.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस टप्पेबाजी की घटना के बाद सिकंदरपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की बाइक और उनके हुलिए की पहचान की जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें:बुजुर्ग महिला से बड़ी साइबर ठगी, 63 बार में खाते से उड़ाए 19.35 लाख रुपये



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

I have 16 years of journalism experience, working as a Bureau Chief at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on crime,political, social, and current topics.I have experience covering assembly and parliamentary elections reporting.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >