चलते टैंकर से अचानक लीक होने लगी CNG गैस, दिन में अंधेरा जैसा छाया

मोतीपुर-सरैया पथ पर सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीण घरों में चले गए और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई. पुलिस और फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर रिसाव को नियंत्रित किया.

मुजफ्फरपुर सीएनजी लीक: मोतीपुर-सरैया पथ पर कथैया थाना क्षेत्र के दिसतौलिया गांव के पास रविवार को सीएनजी गैस लोड टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया. रिसाव तेज होने के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. कई ग्रामीण घरों में चले गए और खिड़की-दरवाजे बंद कर लिए. सूचना मिलते ही कथैया पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रिसाव पर काबू पाया गया.

सड़क से गुजरते समय शुरू हुआ रिसाव

जानकारी के अनुसार, सीएनजी गैस से भरा टैंकर मोतीपुर-सरैया पथ से गुजर रहा था. इसी दौरान दिसतौलिया गांव के पास अचानक टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया.

रिसाव की रफ्तार तेज होने पर सड़क के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीण सुरक्षा को लेकर अपने घरों में चले गए. लोगों ने खिड़की और दरवाजे बंद कर लिए.

गैस रिसाव से सड़क पर छाया धुंध जैसा माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस का रिसाव इतना तेज था कि सड़क पर दिन के समय भी धुंध और अंधेरा जैसा माहौल बन गया. घटना के बाद मोतीपुर-सरैया पथ पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई.

रिसाव के कारण वाहन चालकों ने भी मौके से दूरी बनाए रखी. कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.

पुलिस ने चालक के साथ मिलकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही कथैया थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने टैंकर चालक के साथ मिलकर गैस रिसाव को रोकने का प्रयास शुरू किया. इसी दौरान फायर टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई.

करीब एक घंटे की कोशिश के बाद टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को रोकने में सफलता मिली. इसके बाद मौके पर स्थिति सामान्य होने लगी.

कोई जान-माल का नुकसान नहीं

गैस रिसाव की इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. रिसाव रुकने के बाद करीब एक घंटे के बाद मोतीपुर-सरैया पथ पर वाहनों का परिचालन फिर से शुरू कराया गया.

कथैया थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस और फायर टीम की मदद से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. घटना के दौरान एहतियात के तौर पर सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा.

यह भी पढे़ं:

मुजफ्फरपुर में लावारिस भ्रूण मिलने से मचा हंगामा, लोगों ने अवैध नर्सिंग होम पर उठाये सवाल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक कुमार

गांधीवादी चिंतक ट्रस्टी, सर्व सेवा संघ,
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >