Muzaffarpur Samrat Announcements: नगर विकास व मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के महा-आयोजन में शिरकत करने पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर को उत्तर बिहार का सबसे बड़ा केंद्र बताते हुए कई ऐतिहासिक घोषणाएं की हैं. एमआईटी (मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर के गौरव को बढ़ाने के लिए एमआईटी के ही परिसर में एक अत्याधुनिक आर्किटेक्ट और सिविल इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी स्थापित करने का बड़ा ऐलान किया है.
1042 करोड़ की योजनाओं का हुआ शिलान्यास व उद्घाटन, मरीन ड्राइव की सौगात
मुख्यमंत्री ने नगर विकास और मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत कुल 1042 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान शहरवासियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बना 'सिकंदरपुर मरीन ड्राइव'. मुख्यमंत्री ने विधिवत रूप से सिकंदरपुर मरीन ड्राइव लेक-1, लेक-2 और लेक-3 का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया. इस मरीन ड्राइव की शुरुआत होने से मुजफ्फरपुर के पर्यटन और सौंदर्य को एक नया आयाम मिलेगा.
अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं, बनेगा भव्य सीता माता का मंदिर
मंच से कड़ा संदेश देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि विरोधी कहते हैं कि बिहार का खजाना खाली है, जबकि धरातल पर चारों ओर विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं. बिहार की जनता को मोदी-नीतीश की जोड़ी पर पूरा भरोसा है, क्योंकि लोगों ने पूर्व का गुंडाराज और अराजकता का दौर देखा है. सीएम ने सांस्कृतिक विकास का जिक्र करते हुए घोषणा की कि अयोध्या के भव्य राम मंदिर की तर्ज पर बिहार में माता सीता का भी एक विशाल और भव्य मंदिर बनाया जाएगा.
