– विलंब से पहुंचने पर कई अभ्यर्थियों को नहीं दिया गया प्रवेश, 24 केंद्रों पर आवंटित थे 14 हजार अभ्यर्थी – 150 प्रश्नों का देना था उत्तर, सामान्य ज्ञान के प्रश्नों का भी कठिन रहा स्तर मुजफ्फरपुर. बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से चल रहे अध्यापक भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन शनिवार को पहली से पांचवीं कक्षा में शिक्षक की नियुक्ति को लेकर परीक्षा का आयोजन किया गया. जिले में 24 केंद्रों पर हुई इस परीक्षा में 14 हजार परीक्षार्थी आवंटित थे. कई केंद्रों पर विलंब से पहुंचने के कारण परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं करने दिया गया. परीक्षार्थियों ने काफी मिन्नत की, लेकिन आयोग के आदेश का हवाला देते हुए वहां मौजूद मजिस्ट्रेट ने अनुमति नहीं दी. सुबह 9.30 से 11 बजे तक अभ्यर्थियों को केंद्र पर रिपोर्ट करना था. इसके बाद परीक्षा केंद्रों का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया. प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापक की नियुक्ति को लेकर हुई परीक्षा में लॉजिकल प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को खूब उलझाया. सामान्य ज्ञान के भी प्रश्न स्तरीय थे. आरबीबीएम कॉलेज केंद्र से परीक्षा देकर निकल रही अभ्यर्थी सुशीला ने बताया कि सामान्य अध्ययन में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में प्रश्न पूछे गये थे. लॉजिकल प्रश्नों को समझने में काफी समय गुजर गया. इस कारण कई प्रश्नों का उत्तर नहीं दे सकी. अनुष्का ने बताया कि प्रारंभिक शिक्षक के लिए जनरल स्टडी और लैंग्वेज से 150 प्रश्न पूछे गए थे. इसके लिए 150 मिनट का समय दिया गया था. आज 27 केंद्रों पर शामिल होंगे 15 हजार परीक्षार्थी शिक्षक नियुक्ति परीक्षा के तीसरे दिन रविवार काे 27 केंद्राें पर अभ्यर्थी शामिल होंगे. इसमें 15 हजार से अधिक परीक्षार्थी केंद्रों पर आवंटित किए गये हैं. रविवार को एक पाली में दाेपहर 12 बजे से 2.30 बजे तक परीक्षा हाेगी. वहीं 22 जुलाई काे अंतिम दिन दाे पालियों में यह परीक्षा ली जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
