मुजफ्फरपुर: बोचहां सीएचसी में बिजली व्यवस्था की बदहाली के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अस्पताल का जेनरेटर बंद है और इन्वर्टर की बैट्री भी खराब हो गयी है. ऐसे में बिजली कटते ही अस्पताल में इलाज कराने आये मरीज और कर्मी परेशान हो जाते हैं.
सबसे अधिक परेशानी इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों को होती है. बिजली गुल होने पर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज करना पड़ता है. अंधेरे के बीच मरीजों की जांच और उपचार करने में डॉक्टरों एवं कर्मियों को भी काफी परेशानी होती है.
बताया जा रहा है कि सीएचसी में यह समस्या कई महीनों से बनी हुई है. बिजली कटने के बाद मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी काफी परेशानी होती है. वहीं, स्वास्थ्यकर्मियों को भी आवश्यक कार्य करने में कठिनाई होती है.
जेनरेटर बंद, इन्वर्टर की बैट्री भी खराब
अस्पताल में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था के लिए जेनरेटर उपलब्ध है, लेकिन वह बंद है. वहीं, इन्वर्टर की बैट्री भी खराब हो चुकी है. ऐसे में बिजली कटने के बाद अस्पताल में रोशनी की समस्या उत्पन्न हो जाती है.
इमरजेंसी जैसी स्थिति में टॉर्च की रोशनी में मरीजों की जांच और इलाज करना पड़ रहा है. इससे स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सिविल सर्जन ने जल्द सुधार का दिया आश्वासन
चिकित्सा प्रभारी रंजीत कुमार मामले की शिकायत पहले ही सिविल सर्जन से कर चुके हैं. बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से मरीजों में नाराजगी देखी जा रही है.
लोगों ने अस्पताल में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा नहीं आये.
इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि जेनरेटर बंद और इन्वर्टर खराब होने की सूचना सिविल सर्जन को दी गयी है. उन्होंने जल्द ही व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है.
यह भी पढ़ें
सरैया में इंजीनियर का बैग बदलकर 24 हजार रुपये ले उड़े बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
