Muzaffarpur Nagar Nigam: मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 45 में नाला निर्माण के दौरान 'अजब इंजीनियरिंग' का एक अजीबो-गरीब कारनामा सामने आया है. चंदवारा जेल चौक के समीप नगर निगम द्वारा बनाया जा रहा नाला सड़क और आसपास के मकानों से करीब चार फीट ऊंचा कर दिया गया है. आलम यह है कि नाला स्थानीय निवासियों के घरों की खिड़कियों के बराबर पहुंच गया है, जिससे मकानों के मुख्य दरवाजे और प्लिंथ काफी नीचे धंस गए हैं.
जलजमाव दूर करने की 20 लाख की योजना बनी आफत
लगभग 20.54 लाख रुपये की अनुमानित लागत से स्वीकृत इस योजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को जलजमाव से मुक्ति दिलाना था. हालांकि, बिना सही ढलान और लेवलिंग के की जा रही इस संरचना के कारण बारिश के समय नाले का गंदा पानी सीधे लोगों के घरों में घुसने का गंभीर खतरा मंडराने लगा है. इससे आक्रोशित स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य पर कड़ी आपत्ति जताई और इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की.
स्थल निरीक्षण के बाद काम पर रोक, JE और AE को शो-कॉज जारी
स्थानीय निवासियों की शिकायत पर मंगलवार को नगर निगम के कार्यपालक अभियंता ब्रिजेंद्र कुमार स्थल निरीक्षण करने पहुंचे. मौके पर नाले की बनावट और घोर लापरवाही देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की. कार्यपालक अभियंता ने पाया कि बिना सही तकनीकी सर्वे के ही निर्माण कार्य कराया जा रहा था. उन्होंने तुरंत प्रभाव से काम रोक दिया है और जिम्मेदार कनीय अभियंता (JE) तथा सहायक अभियंता (AE) को शो-कॉज जारी किया है. साथ ही पूरे मामले की तकनीकी जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है.
