Muzaffarpur Murder News: मुजफ्फरपुर जिला के मोतीपुर ओवरब्रिज पर 21 जून की रात हुई संतोष कुमार सिंह की हत्या के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. पुलिस टीम ने साहेबगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर लहलाद गांव पहुंचकर मृतक के पिता ब्रज किशोर सिंह का बयान दर्ज किया. पिता ने अपने बयान में बेटे के दोस्त राहुल कुमार पर घर से बुलाकर साजिश के तहत हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है. पुलिस ने बयान के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
जन्मदिन का बहाना बनाकर घर से ले गया था आरोपी
मृतक के पिता द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, 20 जुलाई की शाम रसूलपुर निवासी राहुल कुमार (उर्फ मनीष सहनी) बिना नंबर की बाइक से उनके घर पहुंचा. उसने संतोष की मां से कहा कि घर में बच्चे का जन्मदिन है और वह संतोष को अपने साथ ले जा रहा है.
रात में फोन पर हुई थी बात, सुबह मिला हत्या का समाचार
21 जुलाई की रात जब संतोष घर नहीं लौटा, तो मां ने उसे कॉल किया. संतोष ने बताया कि 'राहुल भैया के यहां मीट-चावल बन रहा है, खाकर आऊंगा.' इसके बाद 22 जुलाई की सुबह 8 बजे फोन करने पर किसी ने रिसीव कर काट दिया. दोपहर में गांव के एक डॉक्टर के जरिए परिजनों को संतोष की मोतीपुर में गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली. इसके बाद परिजन एसकेएमसीएच (SKMCH) पहुंचे और शव की शिनाख्त की.
पुलिस के लिए चुनौती बना हत्या का कारण, आरोपी फरार
पिता के बयान में हत्या की वजह का कोई जिक्र न होने से मोतीपुर पुलिस की उलझन बढ़ गई है. पुलिस को उम्मीद थी कि परिजनों से हत्या के कारणों का सुराग मिलेगा. थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक दर्ज की जा रही है. फिलहाल आरोपी राहुल घर छोड़कर फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
