मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
Bihar BEd Counseling Registration: बिहार के दो वर्षीय बीएड (B.Ed) एवं शिक्षा शास्त्री पाठ्यक्रमों में सत्र 2026-28 के लिए नामांकन की प्रक्रिया तेज हो गई है. सीईटी-बीएड-2026 (CET-B.Ed 2026) परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग एवं कॉलेजों के चयन की प्रक्रिया सोमवार को दोपहर 3 बजे से शुरू हो गई है. पोर्टल खुलते ही अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी और शुरुआती कुछ ही समय में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया. राज्य नोडल पदाधिकारी ने बताया कि काउंसिलिंग के लिए पंजीकरण (Registration) करने की अंतिम तिथि 28 जून निर्धारित की गई है. सभी सफल अभ्यर्थियों को अंतिम समय की तकनीकी परेशानियों से बचने के लिए जल्द से जल्द पंजीकरण और कॉलेज च्वॉइस भरने की सलाह दी गई है. इसके लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने क्रेडेंशियल्स से लॉग-इन करना होगा.
न्यूनतम 3 और अधिकतम 10 कॉलेज चुनने का विकल्प
गाइडलाइन के अनुसार, पोर्टल पर अभ्यर्थी अपनी वरीयता के आधार पर न्यूनतम 3 और अधिकतम 10 महाविद्यालयों या विभागों का विकल्प चुन सकते हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण और विकल्प (च्वॉइस फिलिंग) भरने का मौका केवल एक बार ही मिलेगा, इसलिए कॉलेजों का चयन बहुत सोच-समझकर और अपनी सहूलियत के अनुसार ही करें. एक बार लॉक होने के बाद विकल्पों में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा.
किस वर्ग के लिए कितना है काउंसिलिंग शुल्क?
काउंसिलिंग की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से शुल्क का भुगतान करना होगा, जो इस प्रकार तय किया गया है:
- सामान्य वर्ग (General Category):1000
- पिछड़ा व अत्यंत पिछड़ा वर्ग (BC/EBC): 750
- अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व महिला वर्ग (SC/ST & Women): 500
