अरेराज सोमेश्वरनाथ मंदिर में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, सावन की तीसरी सोमवारी पर गूंजा हर-हर महादेव

नागपंचमी और सावन की तीसरी सोमवारी पर अरेराज के बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करायी गयी, जिसके बाद मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा.

सावन 2026 अरेराज: सावन की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के संयोग पर पूर्वी चंपारण के प्रसिद्ध बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जिला प्रशासन की ओर से पहली बार हेलीकॉप्टर से मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा करायी गयी. आसमान से फूल बरसते ही पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा.

रात एक बजे ही खोल दिया गया मंदिर का पट

तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के एक साथ पड़ने से इस बार श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही. भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने रविवार देर रात से ही तैयारियां पूरी कर ली थीं. श्रद्धालुओं के लिए सोमवार रात करीब एक बजे ही मंदिर का पट खोल दिया गया, जिसके बाद जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया.

सुबह होते-होते मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार लग गयी. समाचार लिखे जाने तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा सोमेश्वरनाथ का जलाभिषेक कर चुके थे. इसके बाद भी भक्तों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा.

हेलीकॉप्टर से फूल बरसते ही गूंजा जयघोष

सोमवार को मंदिर के ऊपर हेलीकॉप्टर पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ गया. इसके बाद मंदिर परिसर और भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गयी. आसमान से फूलों की बारिश होते ही श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर हर-हर महादेव का जयघोष किया.

पुष्पवर्षा का यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया. कई भक्तों ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया. कुछ ही देर में पूरा मंदिर परिसर भक्ति और उत्साह के माहौल में डूब गया.

तीन ड्रॉप गेट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस

भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर तीन अलग-अलग ड्रॉप गेट बनाये गये थे. मंदिर परिसर और आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गयी थी. सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे.

मेडिकल कैंप और पेयजल की भी व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल कैंप, पेयजल, शौचालय और विश्राम स्थल समेत जरूरी व्यवस्थाएं की गयी थीं. प्रशासन और मंदिर समिति के समन्वय से श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा सोमेश्वरनाथ का दर्शन और जलाभिषेक किया.

यह भी पढे़ं:

मोतिहारी: महावीरी झंडा जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट, डीजे और धारदार हथियारों पर रहेगा प्रतिबंध


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार पाठक

सुजीत प्रभात खबर में फोटो जर्नलिस्ट के रूप में 2009 से कार्यरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >