Brabu Graduation Admission: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-27 में दाखिले को लेकर छात्रों में सुस्ती दिख रही है. 2 लाख से अधिक उपलब्ध सीटों में से अब तक मात्र 1.04 लाख विद्यार्थियों ने ही नामांकन लिया है. कुल नामांकित छात्रों में से 20 फीसदी से अधिक (22 हजार से ज्यादा) ने अकेले इतिहास विषय चुना है.
चौथी मेरिट लिस्ट के बाद भी खाली रह गईं सीटें
विश्वविद्यालय ने चौथी मेरिट लिस्ट के तहत 32 हजार से अधिक सीटें जारी की थीं, लेकिन मात्र 8 हजार छात्रों ने ही दाखिला लिया. 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आवंटित कॉलेजों में प्रवेश नहीं लिया. विवि के अंगीभूत, संबद्ध और 39 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों को मिलाकर कला, विज्ञान और वाणिज्य में 2 लाख से अधिक सीटें हैं.
प्रमुख विषयों में नामांकन के आंकड़े:
- इतिहास: 22,298 (सबसे लोकप्रिय विषय)
- हिंदी: 15,714
- राजनीति विज्ञान: 13,880
- भूगोल: 11,727
- जूलॉजी: 7,035
- होम साइंस: 6,243
- उर्दू: 3,116
- एकाउंटिंग एंड फाइनेंस: 3,025
- फिजिक्स: 2,928
- अंग्रेजी: 2,499
- मैथेमेटिक्स: 2,158
- इकोनॉमिक्स: 1,860
- बॉटनी: 1,796
- केमिस्ट्री: 1,562
खाली सीटों पर जल्द होगा बड़ा फैसला
पूर्व के सत्रों में डेढ़ लाख के करीब नामांकन होते थे. इस बार सीटों के खाली रहने की स्थिति को देखते हुए विवि प्रशासन अब रिक्त सीटों को भरने के लिए जल्द ही नया निर्णय लेने की तैयारी में है.
ये भी पढ़ें: बिहार: जलाशयों पर तैरेंगे सोलर पैनल, बिना जमीन अधिग्रहण के बढ़ेगा सौर ऊर्जा का उत्पादन
