मुजफ्फरपुर : सीतामढ़ी एनएच- 77 स्थित झपहां ओवरब्रिज पर शुक्रवार की शाम बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी. मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के सहियारा थाना क्षेत्र के बेलाही जयराम निवासी होम्योपैथ डॉक्टर भारतेंदु नारायण झा के पुत्र शशिरंजन उर्फ सोनू झा (30 वर्ष) के रूप में हुई.
बताया जा रहा है कि वह सीतामढ़ी से दवा लेकर मुजफ्फरपुर के बालूघाट राजनारायण कॉलेज के समीप स्थित आवास पर बाइक से लौट रहा था. प्रारंभिक जांच में लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जतायी जा रही है. अहियापुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. रात्रि नौ बजे परिजन भी एसकेएमसीएच पहुंचे.
शशि रंजन चोचहां कॉलेज में डाटा एंट्री ऑपरेटर था. साथ ही मिठनपुरा स्थित कोचिंग में पढ़ाता था. थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया किघटनास्थल पर ही मृतक की बाइक खड़ी थी. चाबी उसकी जेब से मिली. उसका मोबाइल गायब था. इससे प्रतित होता है कि दूसरी जगह हत्या करके युवक को ओवरब्रिज पर फेंका गया है. इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली चलने की आवाज पर वह पहुंचे, तो युवक से बाइक से नीचे गिरा मिला.
- बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
- लूटपाट के दौरान जतायी जा रही हत्या की आशंका
- सहियारा थाना के बेलाही जयराम गांव का रहनेवाला था शशिरंजन उर्फ सोनू झा
