Muzaffarpur missing girl: मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर से ऑक्सफोर्ड सीनियर स्कूल के लिए घर से निकली 12 वर्षीय बच्ची माहिरीया अचानक रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है. काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग हाथ नहीं लगा, तो चिंतित परिजनों ने स्थानीय थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है.
स्कूल पहुंची मां तो पता चला कि छात्रा नहीं आई थी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पारू थाना क्षेत्र के जमुना गांव की रहने वाली पिंकी देवी वर्तमान में सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर सर गणेश दत्त रोड स्थित एक किराए के मकान में रहकर अपने बच्चों को पढ़ा रही हैं. उन्होंने बताया कि 15 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे उनकी बेटी माहिरीया स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन दोपहर में छुट्टी के बाद जब वह कमरे पर नहीं लौटी, तो मां स्कूल पहुंचीं, जहां प्रिंसिपल ने बताया कि बच्ची उस दिन स्कूल आई ही नहीं थी.
परिजनों की आशंका और पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज
यह सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. मां ने अपने नाते-रिश्तेदारों और आसपास के सभी संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कहीं कोई सुराग नहीं मिला. पीड़ित मां ने पुलिस को दी गई अर्जी में आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर पुलिस ने कांड संख्या 829/26 दर्ज कर लिया है.
CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस की टीम
मामले की जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर शालू कुमारी को सौंपी गई है. पुलिस की विशेष टीम स्कूल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हरसंभव पहलुओं पर बारीकी से छानबीन की जा रही है और जल्द ही बच्ची का सुराग लगाकर उसे सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें... विश्वविद्यालय और बोर्ड परीक्षाओं के लिए ,डेढ़ एकड़ जमीन में बनेगा परीक्षा भवन व स्ट्रांग रूम
