बिहार: सीतामढ़ी में कारोबारी को चाकू से गोदकर मार डाला, मुजफ्फरपुर में बथान पर अधेड़ की गर्दन रेतकर हत्या

Bihar Crime News: सीतामढ़ी में एक कारोबारी को चाकू से गोदकर मार डाला. वहीं मुजफ्फरपुर में बथान पर एक अधेड़ की हत्या चाकू से गला रेतकर कर दी गयी. डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच में लग गयी. हत्यारों की खोज पुलिस कर रही है.

बिहार में बेखौफ होकर अपराधी हत्या की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. सीतामढ़ी में एक मिठाई कारोबारी को चाकू से गोदकर अपराधियों ने मार डाला. वहीं मुजफ्फरपुर में एक अधेड़ की हत्या गला रेतकर बदमाशों ने कर दी. पुलिस हत्या की वजह और हत्यारों की तलाश में लगी है.

मिठाई कारोबारी को चाकू से गोदकर मारा

सीतामढ़ी में मिठाई का व्यवसाय करने वाले एक कारोबारी की हत्या चाकू से गोदकर बदमाशों ने कर दी. जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार के पास बताशा बाजार की ये घटना है. जहां युवा कारोबारी अर्जुन कुमार की हत्या चाकू से गोदकर की गयी. अर्जुन कुमार की दुकान गुदरी बाजार में है. वो शनिवार की रात अपने दुकान पर ही थे. जब पास के एक समारोह से कुछ लोग लौट रहे थे तो उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक शव पर पड़ी. जिसकी जानकारी पुलिस को दी गयी.

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. खून से लथपथ पड़े शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. स्थानीय लोगों से पुलिस ने पूछताछ भी की. घटना के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है. मामले की जांच में पुलिस जुटी. वहीं मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा है.

Also Read: बिहार में लोग रोज बन रहे तेज रफ्तार के शिकार, जानिए इन भीषण सड़क हादसों के बारे में..
मुजफ्फरपुर में अधेड़ की हत्या

इधर मुजफ्फरपुर में भी एक अधेड़ की हत्या की गयी है. बगीचे में बथान पर से उसका शव बरामद किया गया है. अधेड़ की हत्या गला रेत कर की गयी है. मामला सरैया थाना के भटौलीया गांव का है. मृतक की पहचान कामेश्वर पासवान के रूप में की गयी है. कामेश्वर पासवान गांव के ही एक व्यक्ति के यहां रहकर उसका काम संभालता था. रोज की तरह कामेश्वर पासवान बथान में था. लोगों ने जब कोई हलचल नहीं देखी तो अंदर गए. अंदर कामेश्वर पासवान का शव पड़ा था. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >