Munger Crime News : बरियारपुर थाना क्षेत्र में मुंगेर-खड़गपुर मुख्य सड़क पर निर्माणाधीन फोरलेन अंडरपास के समीप पुलिस वाहन जांच और गश्ती अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और संदिग्ध गतिविधि करने लगा. पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
पड़िया गांव का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर बरामद हथियार और कारतूस जब्त कर लिया. इसके बाद उसे थाना लाकर पूछताछ शुरू की गई.
हथियार के स्रोत और मकसद की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अवैध हथियार कहां से प्राप्त किया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. साथ ही उसके किसी आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंध की भी जांच की जा रही है. पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
बरियारपुर थाना में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से वाहन जांच और विशेष अभियान चलाए जाते रहेंगे.
