उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा कल मुंगेर में करेंगे भूमि सुधार जन कल्याण संवाद

राज्य के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा कल मुंगेर में चार अप्रैल शनिवार को मुंगेर में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद करेंगे

किला परिसर स्थित प्रेक्षा गृह में आयोजित होगा कार्यक्रम

रजिस्ट्रेशन के बाद सुनी जायेंगी जनता की जमीन से जुड़ी विभिन्न समस्याएं

मुंगेर. राज्य के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा कल मुंगेर में चार अप्रैल शनिवार को मुंगेर में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद करेंगे. जिसमें लोगों की जमीन से जुड़ी समस्याएं सुनेंगे और उसका समाधान करेंगे. यह कार्यक्रम किला परिसर स्थित प्रेक्षा गृह में आयोजित किया जायेगा. इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर हर अंचल का अगल-अगल रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए जाएंगे. जहां दाखिल-खारिज, परिमार्जन, मापी, भूमि विवाद, अतिक्रमण समेत अन्य सभी शिकायतों से संबंधित मामलों का रजिस्ट्रेशन किया जायेगा.

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जिन शिकायतकर्ताओं ने पहले भी अपनी समस्या को लेकर आवेदन दिया है, उसकी प्रति साथ लाएंगे तो उनकी शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सुनी जायेगी. आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक अंचलवार काउंटरों पर होगा. इसके बाद 11 बजे से 2:30 बजे तक उपमुख्यमंत्री आम लोगों की समस्या अधिकारियों-कर्मचारियों को आमने-सामने बैठाकर सुनेंगे. आवेदन में अंचल का नाम, आवेदक का नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा. इससे आवेदन पर होने वाली आगे की कार्रवाई की जानकारी मोबाइल पर मैसेज के जरिए दी जा सकेगी.

अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक

बताया गया कि प्रेक्षा गृह में ही राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी. इसमें प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे. बैठक में लंबित दाखिल-खारिज, परिमार्जन, मापी और अभियान बसेरा 2 की स्थिति की राजस्व ग्रामवार समीक्षा की जाएगी.

सर्वे के कार्यों की भी होगी समीक्षा

उपमुख्यमंत्री इस दौरान जिले में चल रहे सर्वे के कार्य की भी समीक्षा करेंगे. जिला बंदोबस्त पदाधिकारी समेत सर्वे कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि इस तरह के जन संवाद से भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता आयेगी, विवाद कम होंगे और लोगों को समय पर सेवा मिलेगी. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जमीन से जुड़े कामों के लिए किसी को भी दफ्तरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. विभाग पूरी तरह ऑनलाइन है. ऑनलाइन की कम जानकारी वाले लोगों के लिए प्रत्येक अंचल में सीएससी खोल दिया गया है. वहां से सस्ते दर पर प्रत्येक कार्य के लिए किसान आवेदन कर सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANA GAURI SHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >