रायपुरा चौक के समीप ज्वेलरी सह बर्तन दुकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की करतूत

क्षेत्र के मुरादे पंचायत के रायपुरा सैनिक चौक के समीप एक आभूषण सह बर्तन व फर्नीचर की दुकान में लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया.

हवेली खड़गपुर एक ओर डीआइजी एवं पुलिस अधीक्षक खड़गपुर थाना का निरीक्षण कर लंबित कांडों के निष्पादन एवं जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से आमलोगों में पुलिस के प्रति विश्वसनीयता जगाने की कोशिश कर रहे. वहीं चोर खुलेआम पुलिस को चुनौती देकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं. मंगलवार की देर रात खड़गपुर थाना क्षेत्र के मुरादे पंचायत के रायपुरा सैनिक चौक के समीप एक आभूषण सह बर्तन व फर्नीचर की दुकान में लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरी की यह करतूत ज्वेलरी दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त में जुटी है. रायपुरा के सैनिक चौक के निकट नगर के महादेवपुर निवासी राहुल राज के राजेश ज्वेलर्स सह बर्तन दुकान और मोहनपुर निवासी नंदकिशोर शर्मा के फर्नीचर दुकान में दुस्साहसी चोरों ने सेंधमारी कर दुकान में प्रवेश किया और ज्वेलरी दुकान से एक किलो चांदी, 6 ग्राम सोना का आभूषण और 1.5 लाख रुपए मूल्य के बर्तन की चोरी कर ली. जबकि नंदकिशोर शर्मा के फर्नीचर दुकान का ताला तोड़कर पांच कटर मशीन व अन्य सामानों की चोरी की. पीड़ित दुकानदार राहुल राज ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी में चोरी की घटना कैद हुई है. जिसमें सबसे पहले चोरों ने नंदकिशोर शर्मा के फर्नीचर दुकान में ताला तोड़कर प्रवेश किया और उसके बाद दुकान के पश्चिम हिस्से में बांस की सीढ़ी लगाकर नंदकिशोर शर्मा की दुकान से बिजली का उपयोग कर कटर मशीन के माध्यम से दीवार काटकर ज्वेलरी दुकान में प्रवेश किया. उन्होंने बताया कि सीसीटीवी में चोर की सारी करतूत स्पष्ट दिख रही है. जबकि दो तीन चोर दुकान के बाहर है जो चोरी की गई सामान को रख रहा है. इधर घटना की सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी मिथिलेश कुमार तिवारी सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गये. पुलिस की मानें तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शीघ्र ही चोरों की शिनाख्त कर ली जायेगी. विदित हो कि पिछले एक महीने के दौरान खड़गपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने आधे दर्जन चोरी की घटना को अंजाम दिया है. लेकिन एक भी मामले का पुलिस उद्भेदन नहीं कर पायी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >