चोरी का ट्रैक्टर व ट्रेलर औरंगा कच्ची कांवरिया पथ से लावारिस अवस्था में बरामद
तारापुर
. तारापुर थाना पुलिस ने रविवार को औरंगा गांव के कच्ची कांवरिया पथ से एक लावारिस ट्रैक्टर व ट्राली बरामद किया है. बताया गया कि रविवार की सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी कि औरंगा कच्ची कांवरिया पथ पर एक ट्रैक्टर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है. सूचना पर एसआई अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आई.इस संबंध में थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि डायल 112 पर सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम वहां पहुंची और वाहन की जांच की. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था, इसलिए वाहन को अभिरक्षा में लिया गया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रैक्टर वहां तक कैसे पहुंचा और उसे किस परिस्थिति में छोड़ दिया गया. जांच के क्रम में पता चला कि बरामद ट्रैक्टर बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलनी कुशहा गांव निवासी पिंकू सिंह का है. रविवार की अहले सुबह अज्ञात चोरों ने उनके दरवाजे से ट्रैक्टर चोरी कर लिया था. संभवतः चोरी के बाद वाहन को औरंगा के कच्ची कांवरिया पथ पर छोड़ दिया गया. पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है तथा चोरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.