कमराय से असरगंज तक कांवरिया पथ पर बन रही टेंट सिटी, लेजर शो और कृत्रिम गुफा बनेंगे आकर्षण का केंद्र

Shravani Mela Update : मुंगेर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 6 टेंट सिटी, लेजर शो, कृत्रिम गुफाएं और सेल्फी प्वाइंट्स खास आकर्षण का केंद्र बनेंगे. सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए 13 पुलिस व 13 मेडिकल कैंप तैनात रहेंगे.

Shravani Mela Update : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर मुंगेर प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है. मंगलवार को तारापुर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश रंजन ने कमराय से असरगंज तक कच्चे कांवरिया पथ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मनोरंजन के लिए इस बार कई नई व्यवस्थाएं की जा रही हैं.

छह टेंट सिटी में मिलेगा भोजन और ठहरने की सुविधा

निरीक्षण के दौरान एसडीओ राकेश रंजन ने बताया कि कांवरियों के ठहरने के लिए कुल छह टेंट सिटी तैयार की जा रही हैं. यहां जीविका दीदियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को निर्धारित और उचित दर पर भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. टेंट सिटी के आसपास लेजर शो का भी आयोजन होगा, जिसमें भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों और धार्मिक प्रसंगों का आकर्षक प्रदर्शन किया जाएगा.

कृत्रिम गुफा और सेल्फी प्वाइंट होंगे खास आकर्षण

कांवरिया पथ के शुरुआती हिस्से में श्रद्धालुओं के लिए एक कृत्रिम गुफा का निर्माण कराया जा रहा है, जो इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी. इसके अलावा कमराय और कुमरसार में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु अपनी यात्रा की यादों को कैमरे में कैद कर सकें.

13 पुलिस और 13 मेडिकल कैंप रहेंगे तैनात

26 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 13 अस्थायी पुलिस शिविर और 13 मेडिकल शिविर स्थापित किए जा रहे हैं. सभी प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट, मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. इसके साथ ही गुमशुदा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पूरे मार्ग में एकीकृत साउंड अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है. श्रद्धालुओं की संख्या का आकलन करने के लिए हेड काउंटिंग मशीन और कैमरे भी लगाए जाएंगे.

एलईडी रोशनी, जनरेटर और तंबाकू मुक्त रहेगा मेला क्षेत्र

पूरे कांवरिया पथ पर पर्याप्त रोशनी के लिए एलईडी लाइट लगाने का कार्य अंतिम चरण में है. निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 14 डीजी सेट लगाए जा रहे हैं. प्रशासन ने सभी दुकानदारों के लिए बिजली कनेक्शन लेना और मूल्य सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य किया है. साथ ही पूरे मेला क्षेत्र को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है. कांवरिया पथ पर तंबाकू उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा छोटी मूर्तियां या सांप दिखाकर श्रद्धालुओं को ठगने वाले असामाजिक तत्वों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी.

युद्धस्तर पर चल रही हैं तैयारियां

एसडीओ ने बताया कि मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सके. निरीक्षण के दौरान बीडीओ श्वेतमीता आनंद, कार्यपालक पदाधिकारी सूर्यानंद सिंह, अंचल अधिकारी उमेश शर्मा, पीएचईडी की सहायक अभियंता सुरभि कुमारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला : कांवरियों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, जमालपुर से देवघर और सुल्तानगंज के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >