मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट:
Snake Bite Incident Munger: जिले में सांप के डसने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक किशोर समेत दो बच्चों की हालत गंभीर हो गई. दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया. घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में चिंता का माहौल है.
छत पर सो रहे किशोर को सांप ने काटा
पहली घटना धरहरा थाना क्षेत्र के महगामा गांव की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन यादव का 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार रात में घर की छत पर सो रहा था. इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उसे डस लिया.
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद वे किशोर को अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने के लिए स्थानीय ओझा के पास पहुंच गए. हालांकि कुछ ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल मुंगेर लेकर पहुंचे.अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
छह वर्षीय बच्ची भी बनी सांप का शिकार
दूसरी घटना खड़गपुर अनुमंडल क्षेत्र की बताई जा रही है. यहां अरुण कुमार सिंह की छह वर्षीय पुत्री ऐश्वर्या सिंह को सांप ने पैर में डस लिया.घटना के बाद परिजन बच्ची को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण उसे भी उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया.
डॉक्टरों ने दी अहम सलाह
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांप के डसने की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए. ऐसे मामलों में मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार कराना जरूरी है. समय पर इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है.
बढ़ रही हैं सर्पदंश की घटनाएं
बरसात का मौसम शुरू होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगती हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है. घर के आसपास साफ-सफाई रखने, रात में टॉर्च का इस्तेमाल करने तथा खुले स्थानों पर सोने से बचने की सलाह दी गई है.
