मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट
Shyampur Ganga Ghat Tragedy: मुंगेर शहर के श्यामपुर गंगा घाट पर हुए दर्दनाक हादसे में डूबी पांचों बच्चियों के शव आखिरकार बरामद कर लिए गए हैं. हादसे के दूसरे दिन गुरुवार की सुबह लापता चल रही बच्ची विनीता कुमारी का शव एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने गंगा नदी से बरामद किया. इसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के अनुसार, वासुदेवपुरम थाना क्षेत्र के बाघचपरा गांव निवासी क्रांति पासवान की चार बेटियां गंगा स्नान के दौरान नदी में डूब गई थीं. घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए थे. बुधवार को चार बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए थे, लेकिन विनीता कुमारी का कोई पता नहीं चल सका था.
Shyampur Ganga Ghat Tragedy: दूसरे दिन फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
गुरुवार की सुबह एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. कई घंटों की तलाश और मशक्कत के बाद विनीता कुमारी का शव भी गंगा नदी से बरामद कर लिया गया. इसके साथ ही हादसे में डूबी सभी पांच बच्चियों के शव मिलने के बाद राहत अभियान समाप्त कर दिया गया.
एक साथ उठीं पांच अर्थियां, हर आंख हुई नम
बुधवार को बरामद चारों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया था. गुरुवार को पांचवीं बच्ची का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है.
पूरे इलाके में शोक, परिजनों को दी जा रही सांत्वना
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है. स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं. प्रशासन की ओर से भी परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है.
श्यामपुर गंगा घाट पर हुआ यह हादसा लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में एक दर्दनाक घटना के रूप में दर्ज रहेगा.
ये भी पढ़े : मुंगेर गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान पांच बच्चियां डूबीं, एक का शव बरामद, तलाश में जुटी NDRF,SDRF की टीम
