बिना चालान गिट्टी लदा ट्रक जब्त, मुंगेर में ‘पासिंग’ के खेल पर उठे सवाल

मुंगेर में बिना वैध चालान के गिट्टी ले जा रहे ट्रक को पुलिस ने जब्त किया। अवैध परिवहन और पासिंग के खेल को लेकर प्रशासन की कार्रवाई तेज, जांच जारी।

मुंगेर : मुंगेर के रास्ते बिना चालान गिट्टी और बालू की ढुलाई किए जाने का मामला एक बार फिर सामने आया है. शनिवार की रात यातायात पुलिस ने मुंगेर-भागलपुर एनएच-80 स्थित तेलिया तालाब मोड़ के समीप गिट्टी लदे एक ट्रक को जब्त किया. जांच के दौरान चालक के पास गिट्टी से संबंधित कोई वैध चालान नहीं मिला. इसके बाद यातायात पुलिस ने ट्रक को मुफस्सिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया.

ओवरटेक के दौरान पकड़ा गया ट्रक

यातायात डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि शनिवार की रात तेलिया तालाब मोड़ के पास एक ट्रक ओवरटेक कर रहा था. संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर जांच की. जांच के दौरान ट्रक पर गिट्टी लदी मिली, लेकिन चालक के पास उसका वैध चालान नहीं था. जब्त ट्रक का पंजीकरण नंबर जेएच-02 बीएक्स-6422 बताया गया है.

खनन विभाग करेगा दस्तावेजों की जांच

यातायात डीएसपी ने बताया कि मामले की सूचना खनन विभाग को दे दी गयी है. अब खनन विभाग की ओर से गिट्टी के स्रोत, परिवहन से जुड़े दस्तावेज और वाहन के कागजात की जांच की जाएगी. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

दो महीने से बिना चालान ढुलाई की शिकायत

बताया जाता है कि पिछले करीब दो महीने से मुंगेर के रास्ते बिना चालान गिट्टी और बालू की ढुलाई किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं. ऐसे में एक ट्रक पकड़े जाने के बाद अवैध खनिज परिवहन को लेकर सवाल फिर उठने लगे हैं.

‘पासिंग’ के नाम पर वसूली के आरोप

अवैध खनिज परिवहन के बीच कथित ‘पासिंग’ व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं. आरोप है कि कुछ दलाल ट्रक मालिकों से कथित रूप से राशि की वसूली कर वाहनों को रास्ते से पार कराने में मदद करते हैं. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

बिना वैध चालान खनिजों के परिवहन से सरकार को राजस्व की क्षति होने की आशंका है. ताजा कार्रवाई के बाद कथित ‘पासिंग’ गिरोह और अवैध खनिज परिवहन से जुड़े नेटवर्क की जांच की मांग भी तेज हो गयी है. अब खनन विभाग की जांच से ही स्पष्ट होगा कि जब्त ट्रक के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >