रटैठा गांव में 17 अगस्त से नल-जल योजना ठप, बाल्टी-तसला लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

रटैठा पंचायत में 'हर घर नल का जल' योजना 17 अगस्त से ठप है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। नाराज ग्रामीणों ने बाल्टी और तसला लेकर पानी की टंकी के पास प्रदर्शन कर तत्काल शुद्ध पेयजल आपूर्ति की मांग की है।

मुंगेर : हवेली खड़गपुर प्रखंड की रतैठा पंचायत में हर घर नल का जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति 17 अगस्त से ठप है. लगातार कई दिनों से पानी नहीं मिलने से नाराज ग्रामीण शनिवार को पानी की टंकी के समीप बाल्टी और तसला लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे. ग्रामीणों ने विभागीय व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की.

ग्रामीण सचिता ठाकुर, दिवाकर ठाकुर, धनसेट ठाकुर, पंपम सिंह, विनय ठाकुर, राजीव ठाकुर, पिंकी देवी, शंकर तांती, विनय सिंह, प्रकाश यादव और नितेश कुमार सिंह समेत अन्य ने बताया कि पानी की टंकी बनने के बाद से ही नियमित और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है. कभी बिजली की समस्या तो कभी मोटर खराब होने के कारण जलापूर्ति बाधित रहती है. ग्रामीणों के अनुसार बिजली की समस्या दूर करने के लिए पूर्व में तार भी बदले गये, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ.

डीएम व विधायक से कर चुके हैं शिकायत

ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल संकट को लेकर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर और क्षेत्रीय विधायक नचिकेता मंडल से भी शिकायत की जा चुकी है. विधायक के क्षेत्रीय दौरे के दौरान भी ग्रामीणों ने पेयजल समस्या उनके समक्ष रखी थी. उस समय शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. नल से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को दूसरे जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

शुरुआत से ही नियमित नहीं हुई जलापूर्ति : मुखिया

पंचायत के मुखिया राहुल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजना का निर्माण कराया गया था, लेकिन शुरुआत से ही नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है. बार-बार तकनीकी खराबी आने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है. उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से समस्या का स्थायी समाधान कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.

मोटर खराब होने से बंद है आपूर्ति : जेई

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता संजय किरण ने बताया कि मोटर में खराबी आने के कारण जलापूर्ति बाधित हुई है. मोटर को ठीक कराने की प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही मोटर दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी. इधर, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >