जमालपुर (मुंगेर) : पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत साहिबगंज लूप लाइन के भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड से गुजरने वाली सैरंग राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें सोमवार को विलंब से चलेंगी. ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण इनमें यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
सैरंग राजधानी करीब पांच घंटे विलंब से चलेगी
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20508 डाउन सैरंग राजधानी एक्सप्रेस करीब पांच घंटे विलंब से चलेगी. इस ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय पूर्वाह्न 11:05 बजे है. लेकिन सुबह 8:30 बजे तक ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन भी नहीं पहुंच सकी थी.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से जमालपुर की दूरी करीब 375 किलोमीटर है. सामान्य स्थिति में ट्रेन को यह दूरी तय करने में करीब साढ़े छह घंटे लगते हैं. ऐसे में ट्रेन के दोपहर 2 बजे के बाद जमालपुर पहुंचने की संभावना बतायी गयी है.
अंग एक्सप्रेस भी डेढ़ घंटे विलंब से चलेगी
यशवंतपुर से भागलपुर जाने वाली 12253 डाउन अंग एक्सप्रेस भी करीब डेढ़ घंटे विलंब से चलेगी. ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:34 बजे है. लेकिन सुबह 8:30 बजे तक यह ट्रेन किऊल जंक्शन भी पार नहीं कर सकी थी.
इंटरसिटी एक्सप्रेस भी प्रभावित
दानापुर से साहिबगंज जाने वाली 13236 डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस भी एक घंटे से अधिक विलंब से चलेगी. इस ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय पूर्वाह्न 10:10 बजे है. सुबह 8:30 बजे तक ट्रेन मोकामा भी नहीं पहुंच सकी थी. मोकामा से जमालपुर की दूरी करीब 75 किलोमीटर है.
राजधानी समेत अन्य ट्रेनें भी चलेंगी देर से
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार जमालपुर होकर गुजरने वाली सैरंग राजधानी एक्सप्रेस के साथ तेजस राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित रहेगा. इसके अलावा कई विशेष एक्सप्रेस ट्रेनें भी विलंब से चल रही हैं. ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
