जमालपुर थाना क्षेत्र के रामपुर रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर में रेलकर्मी को गोली मारने के मामले के 36 घंटे बीतने के बावजूद अबतक पुलिस का हाथ खाली है. इस मामले में न तो अबतक आरोपित की गिरफ्तारी हो पाई है और न ही हथियार की बरामदगी हो पाई है. जबकि सोमवार को ही घायल रेलकर्मी राहुल कुमार झा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है. घायल रेलकर्मी राहुल कुमार झा फर्द बयान पर जमालपुर थाना में कांड संख्या 85/26 दर्ज कर ली गई है. जिसमें उसने अवकित यादव उर्फ़ साजन कुमार को नामित किया है और कहा है कि उसी ने गोली चलाई थी. जबकि घायल रेल कर्मी के वायरल वीडियो में वह कह रहा है कि उसे गोली सनी कुमार ने मारी है. अब पुलिस घायल के फर्द बयान और वायरल वीडियो दोनों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. बता दें कि रेलकर्मी राहुल कुमार झा रेलवे क्वार्टर संख्या 488 ईएफ में रहता है जबकि उसके पड़ोसी साजन यादव इसी ब्लॉक के क्वार्टर संख्या 488 एबी में रहता है. जहां सोमवार की देर संध्या राहुल कुमार झा को अपने क्वार्टर में बुलाकर गोली मारी गई थी. गोली मारने की घटना के बाद क्वार्टर को बंद करके आरोपित फरार हो गया है. हालांकि मंगलवार को जमालपुर पुलिस, आरपीएफ और रेल अधिकारियों ने आरोपित के रेलवे क्वार्टर का ताला तोड़कर निरीक्षण किया था. इस दौरान अधिकारियों ने वहां से घायल रेलकर्मी का चप्पल और खून लगे कपड़े बरामद किए थे. जबकि वहां शराब की बोतल, खाने-पीने की सामग्री के साथ खून के धब्बे भी पाए गए. फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से सैंपल भी लिया गया है. दूसरी तरफ चर्चा यह बनी हुई है कि शराब पार्टी के क्रम में नशे की हालत में हथियार से फायर हो गया. जिसकी चपेट में आकर रेलकर्मी घायल हुआ है.
अपराध का गढ़ बनता जा रहा रामपुर रेलवे कॉलोनी
दूसरी तरफ लोगों का मानना है कि रामपुर रेलवे कॉलोनी के सौ से अधिक रेलवे क्वार्टर पर अवैध रूप से लोगों ने कब्जा जमा रखा है. इन अवैध कब्जाधारियों द्वारा रेलवे कॉलोनी में अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है. जो रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है. रेलवे कॉलोनी में रहने वाले लोगों का कहना है कि रेलवे कॉलोनी में गस्ती होती ही नहीं है. जिसके कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. वही रामपुर रेलवे कॉलोनी अपराध का गढ़ बनता जा रहा है. यहां आये दिन स्मैक, शराब के साथ कारोबारी व नशेड़ी गिरफ्तार होते हैं.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.