Munger University: मुंगेर विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2022-25 के स्नातक पार्ट-1 एवं पार्ट-2 बैकलॉग परीक्षा का आयोजन 17 जुलाई से किया जाएगा. परीक्षा पांच निर्धारित केंद्रों पर होगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनर्स एवं सब्सिडियरी विषयों की परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी करने के साथ ही एडमिट कार्ड भी कॉलेजों को उपलब्ध करा दिया है. विद्यार्थी अपने संबंधित महाविद्यालय से प्रवेश पत्र प्राप्त कर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं.
17 से 19 जुलाई तक ऑनर्स विषयों की परीक्षा
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऑनर्स विषयों की परीक्षा 17 जुलाई से 19 जुलाई तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली में स्नातक पार्ट-1 की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी. वहीं दूसरी पाली में स्नातक पार्ट-2 की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ली जाएगी.
20 जुलाई से 1 अगस्त तक होगी सब्सिडियरी परीक्षा
Munger University: सब्सिडियरी विषयों की परीक्षा 20 जुलाई से 1 अगस्त तक निर्धारित पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पार्ट-1 तथा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पार्ट-2 की परीक्षा होगी.
कॉलेजों में उपलब्ध कराया गया एडमिट कार्ड
मुंगेर विश्वविद्यालय ने दोनों बैकलॉग सत्रों के परीक्षार्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर संबंधित कॉलेजों को भेज दिया है. विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से समय पर अपने कॉलेज पहुंचकर प्रवेश पत्र प्राप्त करने तथा परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने की अपील की है.
करीब 800 परीक्षार्थी होंगे शामिल
विश्वविद्यालय के अनुसार सत्र 2022-25 के स्नातक पार्ट-1 एवं पार्ट-2 बैकलॉग परीक्षा में लगभग 800 विद्यार्थी शामिल होंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
