मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट:
Munger Road Accident: देवघर से बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर लौट रहे आठ कांवरिया मंगलवार को एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए. टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के गंगटा-संग्रामपुर मुख्य मार्ग स्थित छाता चौक के समीप उनकी कार तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बिजली के दो पोल से जा टकराई. हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि सभी यात्री सुरक्षित बच गए.
ट्रक से बचने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी जिले के बोखरा थाना क्षेत्र के महसोता गांव निवासी संतोष कुमार समेत राहुल कुमार, सुभाष कुमार, रंजीत कुमार, राजकुमार, रामश्रेष्ठ, चंदन कुमार एवं संजीत कुमार देवघर में पूजा-अर्चना कर चार पहिया वाहन से अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान छाता चौक के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद कार सड़क किनारे स्थित बिजली के दो पोल से जा टकराई.
कार क्षतिग्रस्त, टूट गये बिजली के पोल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं सड़क किनारे लगे बिजली के दो पोल भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए. दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हालांकि राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी आठ कांवरिया सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही टेटिया बंबर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया भयावह हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना काफी भयावह थी. कार की स्थिति देखकर किसी बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन सभी यात्रियों का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है.पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
