मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट.
Munger News: मुंगेर जिले के सभी छह नगर निकायों में शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई. मुंगेर नगर निगम सहित जमालपुर, खड़गपुर, तारापुर, संग्रामपुर और असरगंज नगर निकायों में सुबह 8 बजे से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई, जो 10 बजे तक चली. इसके बाद 11 बजे से गुप्त मतदान की तैयारी शुरू की गई. चुनाव को लेकर सभी नगर निकायों में राजनीतिक हलचल और समर्थकों की सक्रियता देखने को मिली.
नगर निगम परिसर में दिखा चुनावी उत्साह
मुंगेर नगर निगम में चुनाव को लेकर सबसे ज्यादा हलचल देखने को मिली. महापौर कुमकुम देवी अपने समर्थित प्रत्याशियों के साथ नगर निगम परिसर के बाहर मौजूद रहीं और नामांकन प्रक्रिया पर नजर बनाए रखीं. दूसरी ओर उपमहापौर खालिद हुसैन के समर्थक प्रत्याशी भी अलग गुट बनाकर नामांकन कराने पहुंचे. दोनों पक्षों की मौजूदगी से नगर निगम परिसर के आसपास चुनावी माहौल काफी गर्म बना रहा.
समर्थकों की भीड़ से बढ़ी हलचल
नगर निगम कार्यालय के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही. प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे रहे. चुनाव को लेकर चर्चाओं और रणनीतियों का दौर भी चलता रहा. कई जगह समर्थक अपने नेताओं के साथ समूह बनाकर मौजूद दिखे, जिससे परिसर में लगातार हलचल बनी रही.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
संभावित मुकाबले और बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा सके. प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि मतदान पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया जाएगा.
अन्य नगर निकायों में भी बना रहा चुनावी माहौल
जमालपुर, खड़गपुर, तारापुर, संग्रामपुर और असरगंज नगर निकायों में भी नामांकन को लेकर दिनभर हलचल बनी रही. सभी जगह निर्धारित समय के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है. अब सभी की नजर मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हुई है.
