मुंगेर में सड़क किनारे बांध पर मिला 50 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी

Munger News: मुंगेर के संग्रामपुर में मंगलवार सुबह सड़क किनारे बांध पर एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 50 वर्षीय मोहम्मद शब्बीर के रूप में हुई है, जो रोजमर्रा की जिंदगी में मेहनत-मजदूरी और सामान बेचकर परिवार चलाते थे.

Munger News: संग्रामपुर (मुंगेर) से संतोष कुमार की रिपोर्ट — मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर पंचायत के मनिया गांव के पास मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे बांध पर एक व्यक्ति का शव पाया गया. मृतक की पहचान लखनपुर गांव निवासी मोहम्मद शब्बीर (50 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद आसपास के गांवों में शोक और दहशत का माहौल फैल गया.

रोजी-रोटी के लिए करते थे गांव-गांव भ्रमण

परिजनों के अनुसार मोहम्मद शब्बीर मजदूरी के साथ-साथ गांव-गांव घूमकर चूड़ी, लहठी और अन्य सिंगार सामग्री बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके पिता मोहम्मद इदरीश ने बताया कि शब्बीर सोमवार सुबह करीब 8 बजे घर से सामान बेचने के लिए निकले थे. उन्होंने कहा था कि वह रामपुर पंचायत क्षेत्र जाएंगे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे.

सुबह खोजबीन में मिला शव

परिजन जब चिंतित होकर मंगलवार सुबह उनकी तलाश में निकले तो बद्रीविशाल और मौजमपुर गांव के आसपास खोजबीन शुरू की गई. इसी दौरान सड़क किनारे बांध पर शव मिलने की सूचना मिली. वायरल तस्वीर देखने के बाद पिता ने अपने बेटे की पहचान मोहम्मद शब्बीर के रूप में की.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही संग्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष विनोद कुमार झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला स्वाभाविक मौत का प्रतीत हो रहा है. स्थानीय लोगों ने भी आशंका जताई है कि तेज गर्मी और लू लगने से मौत हो सकती है.

परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

पुलिस के अनुसार परिजनों ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है. इसके बाद शव को परिजन अपने साथ घर ले गए. मृतक के परिवार में पत्नी और एक पुत्र है, जबकि उनकी पत्नी रियाना वर्तमान में अपने मायके सुईया बाजार (बांका) में रह रही हैं.

इलाके में शोक का माहौल

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. स्थानीय लोग इसे दुखद घटना बताते हुए परिवार को सांत्वना दे रहे हैं. वहीं पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

Also Read: CM सम्राट बोले- मरीज को रेफर किया तो CS पर होगा एक्शन, बिहार में 30 दिन में शिकायत नहीं सुलझी तो अफसर हटेंगे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >