Munger News : मुंगेर के टेटियाबंबर से गौरी शंकर की रिपोर्ट. टेटियाबंबर प्रखंड के कठनी गांव में शनिवार को निकाली गयी 551 कन्याओं की भव्य कलश शोभायात्रा आस्था और सनातन संस्कृति का अद्भुत दृश्य बन गयी. सिर पर कलश लिए कन्याओं की लंबी कतार, जय श्रीराम और हर-हर महादेव के गूंजते उद्घोष और लहराते भगवा ध्वजों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. इस भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्री श्री 108 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ.
महाने नदी से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली कलश यात्रा
महायज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने बताया कि 23 मई से 31 मई तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाजों के साथ की गयी. प्रखंड कार्यालय के समीप बहने वाली महाने नदी से जल भरकर 551 कन्याओं ने कलश यात्रा निकाली.
यह शोभायात्रा बंबर बाजार और खड़ूई गांव होते हुए यज्ञ स्थल कठनी पहुंची. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा इलाका धार्मिक नारों से गूंज उठा.
घोड़े, भगवा ध्वज और धार्मिक धुनें बने आकर्षण का केंद्र
कलश यात्रा में सजे-धजे घोड़े और डीजे पर बज रहे धार्मिक गीत लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे. युवाओं के हाथों में लहराते भगवा ध्वजों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया.
यात्रा मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया. महिलाओं और युवाओं में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खास उत्साह देखने को मिला.
108 देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से सजा यज्ञ परिसर
कठनी गांव में बने यज्ञ परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल मंडप का निर्माण कराया गया है, जहां 108 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं.
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूला, ब्रेक डांस और तारा माचिस जैसे आकर्षक साधनों की भी व्यवस्था की गयी है.
रोज होगा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन प्रसिद्ध कथा वाचिका किशोरी गौरी प्रिया द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन किया जाएगा. आयोजन समिति को उम्मीद है कि आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचेंगे.
Also Read: Patna News: इबोला वायरस को लेकर राजधानी के अस्पतालों में अलर्ट, गाइडलाइन का इंतजार
