Munger News: मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट.मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघिया पंचायत स्थित सिंधिया इंग्लिश गंगा घाट पर स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. गंगा में स्नान करने पहुंचे 9 वर्षीय बालक शुभम कुमार अचानक गहरे पानी में समा गया और लापता हो गया. घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मुंह धोने के दौरान गहरे पानी में चला गया बालक
जानकारी के अनुसार सिंधिया इंग्लिश गांव निवासी सिंटू यादव उर्फ दोलन यादव का पुत्र शुभम कुमार अपने चाचा और अन्य बच्चों के साथ गंगा स्नान करने घाट पहुंचा था.
बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान सभी बच्चे किनारे पर ही मौजूद थे. इसी बीच शुभम मुंह धोने के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगा के तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया.
घटना के बाद परिवार में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गयी. शुभम एक भाई और दो बहनों में था. उसकी मां विकलांग बतायी जा रही है, जो घटना के बाद लगातार रोती-बिलखती रही.
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गंगा घाट पर जुट गये. पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है.
गोताखोर और SDRF टीम कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सफियासराय थाना अध्यक्ष संजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू की गयी.
थानाध्यक्ष ने बताया कि SDRF टीम को भी बुलाया गया है और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. हालांकि खबर लिखे जाने तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
वार्ड पार्षद ने बतायी घटना की जानकारी
स्थानीय वार्ड पार्षद बबलू कुमार भारती ने बताया कि स्नान के बाद बच्चों को बाहर निकाला जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ. उन्होंने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की.
Also Read: ‘मार देहब गोली’…आंगनबाड़ी केंद्र बना डांस बार, बच्चों की क्लास में रातभर भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके
